स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन पर यादगार पुस्तकें

केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया पुस्तकों का विमोचन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को प्रदान की गईं इन पुस्तकों की पहली प्रतियां

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 19 July 2024 04:04:49 PM

memorable books on president and rashtrapati bhavan

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सूचना एवं प्रसारण व संसदीय कार्य राज्यमंत्री डॉ एल मुरुगन व सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में एक कार्यक्रम में ‘विंग्स टू अवर होप्स’, ‘आशाओं की उड़ान’, ‘कहानी राष्ट्रपति भवन की’ और ‘राष्ट्रपति भवन: हेरिटेज मीट्स द प्रेजेंट’ पुस्तक का विमोचन किया, जिनकी प्रथम प्रतियां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को प्रदान की गईं। इन पुस्तकों को प्रकाशन निदेशालय ने प्रकाशित किया है। ‘विंग्स टू अवर होप्स और आशाओं की उड़ान’ पुस्तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के राष्ट्रपतिकाल के पहले वर्ष के दौरान उनके चुनिंदा भाषणों का संग्रह है, जबकि ‘कहानी राष्ट्रपति भवन की’ पुस्तक बच्चों पर आधारित है, जिसमें राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सरल भाषा में रोचक जानकारियां हैं। ‘राष्ट्रपति भवन: हेरिटेज मीट्स द प्रेजेंट’ पुस्तक राष्ट्रपति भवन के इतिहास और वास्तुकला का एक सचित्र निरूपण है, जो सभी पूर्व राष्ट्रपतियों के बारेमें जानकारी देती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के बारेमें जानकारी और मौजूदा राष्ट्रपतिकाल की प्रमुख घटनाओं के चित्र भी पुस्तक का हिस्सा हैं। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहाकि ये पुस्तकें भारतीय गणतंत्र के प्रतीक राष्ट्रपति भवन की विरासत का एक समृद्ध चित्रपट हैं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के भाषणों का संकलन हमारे लोकतंत्र और समाज केलिए एक खजाना है। उन्होंने कहाकि यह संकलन महिलाओं, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य वंचित वर्गों, किसानों, सशस्त्र बलों और युवाओं सहित देशवासियों केप्रति राष्ट्रपति की संवेदना की एक प्रभावी अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहाकि पुस्तक के कवर चित्र और शीर्षक में भारतीय लोकतंत्र की कहानी की झलक मिलती है और पुस्तकों में निहित संदेश प्रत्येक भारतीय को आशा केसाथ उड़ान भरने तथा अधिक से अधिक ऊंचाइयों को छूने केलिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहाकि उन्हें कृषि एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विषयों पर महत्वपूर्ण तथ्‍य प्राप्त हुए हैं। सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ एल मुरुगन ने पुस्तकों के प्रकाशन केलिए प्रकाशन विभाग को बधाई दी और जनहित के विभिन्न विषयों पर नियमित रूपसे पुस्तकें प्रकाशित करने का प्रकाशन विभाग को श्रेय दिया।
डॉ एल मुरुगन ने कहाकि ये पुस्तकें विभिन्न मुद्दों पर राष्ट्रपति के विचारों का सबसे प्रामाणिक संकलन हैं, आनेवाली पीढ़ियों केलिए सूचनाओं की विस्‍तृत जानकारी के संग्रह के रूपमें काम करेंगी। पुस्तकों में राष्ट्रपति ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए हैं, जिससे वे अपनी सादगी, विचारशीलता और विद्वता के माध्यम से देश के लोगों केबीच लोकप्रिय हो गईं। राष्ट्र के जीवन के विभिन्न पहलुओं को छूने के अलावा उनके भाषण प्रथम नागरिक की सहजता को भी रेखांकित करते हैं, जो जनता तक पहुंचकर उन्हें आशा प्रदान करते हैं। पुस्तक में राष्ट्रपति के 75 भाषण हैं, जिन्हें ग्यारह खंडों में बांटा गया है-राष्ट्र को संबोधन, शिक्षा-सशक्तिकरण की कुंजी, लोक सेवकों को कर्तव्य पथपर मार्गदर्शन, हमारी सेनाएं हमारा गौरव, संविधान और कानून की भावना, उत्कृष्टता को पुरस्कृत करना, वैश्विक पहुंच, विविधता और समृद्ध संस्कृति का उत्सव मनाना, स्‍थायी विकास केलिए नवाचार और प्रौद्योगिकी, अतीत का संरक्षण, भविष्य को सुरक्षित करना और महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को प्रोत्साहित करना।
‘राष्ट्रपति भवन: हेरिटेज मीट्स द प्रेजेंट’ राष्ट्रपति भवन की गहन खोज है, जो इसके इतिहास, विरासत और वास्तुकला की भव्यता का वर्णन करती है। पुस्तक में राष्ट्रपति भवन की भव्यता, इसकी अवधारणा से लेकर भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास के रूपमें इसकी वर्तमान स्थिति तककी एक अंतरंग झलक है। यह पुस्तक भारत के सबसे प्रतिष्ठित स्थलों में से एक राष्ट्रपति भवन का सम्‍मान है, जो देश की समृद्ध वास्तुकला विरासत और इसके जीवंत वर्तमान का प्रमाण है। राष्ट्रपति भवन के हर कोने का सजीव वर्णन और वहां लगी शानदार तस्वीरें उसे जानदार बना देती हैं। यह पुस्तक राष्ट्रपति भवन के भीतर विभिन्न कमरों और हॉलों के दर्शन पर ले जाती है, जिनमें से प्रत्येक का अपना अनूठा उद्देश्य और इतिहास है। इसमें शामिल प्रमुख क्षेत्र हैं-अशोक हॉल शानदार भित्तिचित्रों और झूमरों से सुसज्जित एक शानदार बॉलरूम है, दरबार हॉल भव्य समारोह हॉल है, जहां महत्वपूर्ण राजकीय समारोह आयोजित किए जाते हैं। अमृत उद्यान मुगल और अंग्रेजी भूनिर्माण शैलियों का मिश्रण दिखाने वाला उत्कृष्ट उद्यान है, पुस्तकालय है जो ज्ञान और ऐतिहासिक दस्तावेजों का भंडार है, ड्राइंग रूम और कॉंफ्रेंस हॉल औपचारिक स्वागत एवं बैठकों का स्थान और राष्ट्रपति का अध्ययन और उनका निजी कार्यक्षेत्र।
‘राष्ट्रपति भवन: हेरिटेज मीट्स द प्रेजेंट’ पुस्तक में भारत के प्रत्येक राष्ट्रपति की यात्रा का विवरण है। प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद से लेकर वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तक। भारत के लोकतंत्र एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और उनके कार्यकाल के दौरान हुई महत्वपूर्ण घटनाओं का विवरण दिया गया है, जो राष्ट्रपति भवन के इतिहास का एक समृद्ध ताना-बाना प्रस्तुत करता है। ‘कहानी राष्ट्रपति भवन की’ पुस्तक में बच्चों केलिए राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन से जुड़ी जानकारियां हैं। तीन अध्यायों-‘हमारे राष्ट्रपति’, ‘राष्ट्रपति भवन के मुख्य आकर्षण’ और ‘राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर’ में विभाजित यह पुस्तक राष्ट्रपति भवन के लगभग सौ साल के इतिहास को सरल शब्दों में प्रस्तुत करती है। पुस्तक को राष्ट्रपति भवन के विभिन्न चित्रों से परिपूर्ण आकर्षक शैली में प्रस्तुत किया गया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]