स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत की सीमाएं भी असुरक्षित-हिंदू महासभा

सरकार भंग कर राष्ट्रपति शासन में हों आम चुनाव

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 27 April 2013 05:29:20 AM

नई दिल्ली। अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश कौशिक, राष्ट्रीय महामंत्री मुन्ना कुमार शर्मा, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी ओम जी महाराज ने एक संयुक्त वक्तव्य में यूपीए सरकार पर चौतरफा हमला बोलते हुए कहा है कि देश में बलात्कार, घोटाले, भ्रष्टाचार के मोर्चे पर गृह-नीति की असफलता के बाद वर्तमान सरकार विदेश और रक्षा नीति में भी बुरी तरह असफल साबित हुई है, यूपीए सरकार नैतिक तो कभी रही नहीं, परंतु देश की सीमा सुरक्षा पर असफलता के बाद सरकार का संवैधानिक अधिकार भी समाप्त हो गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश कौशिक ने हाल में हुई चीन की घुसपैठ का जिक्र करते हुए कहा कि चाहे बांग्लादेश जैसा छोटा राष्ट्र हो, चाहे पाकिस्तान और चीन के रूप में हमारे परंपरागत दुश्मन हों, इन सबकी नज़र में भारत की वर्तमान यूपीए सरकार की जैसे कोई अहमियत ही नहीं है, तभी तो जब जो देश चाहता है, बंदर घुड़की दे देता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कभी हमारे देश के जवानों का सर काट लिया जाता है तो कभी अवैध घुसपैठिए असम में बेरोक-टोक घुसपैठ करते हैं तो कभी चीन जैसा देश जबरदस्ती हमारे देश में काफी अंदर तक घुस कर बैठ जाता है।
राष्ट्रीय महामंत्री मुन्ना कुमार शर्मा, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी ओम जी महाराज ने देश के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से वर्तमान सरकार को तुरंत भंग करके राष्ट्रपति शासन में आम चुनाव कराने का आग्रह किया है। हिंदू महासभा नेताओं ने देशवासियों को आगाह किया कि जिस प्रकार से यूपीए सरकार सभी मोर्चों पर असफल साबित हो रही है, ऐसी स्थिति में उसकी देशभक्ति संदिग्ध हो जाती है। हिंदू महासभा नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश कौशिक के नेतृत्व में देश भर में वर्तमान यूपीए सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाने का संकल्प व्यक्त किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]