स्वतंत्र आवाज़
word map

आंबेडकर जयंती पर दलित चेतना कार्यक्रम

साहित्य अकादमी ने बाबासाहेब के सपनों पर फोकस किया

कवियों और लेखकों का कविता पाठ और लघु कथाएं हुईं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 16 April 2025 04:53:47 PM

'dalit chetana' program on ambedkar jayanti

नई दिल्ली। भारत रत्न बाबासाहेब डॉ भीमराव रामजी आंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) पर साहित्य अकादमी के ‘दलित चेतना’ कार्यक्रम में छह प्रतिष्ठित लेखकों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। लेखकों में महेंद्र सिंह बेनीवाल, ममता जयंत, नामदेव और नीलम ने कविताएं सुनाई, जबकि पूरन सिंह और टेकचंद ने लघु कथाएं पढ़ीं। अपनी प्रस्तुतियों में सभी ने बाबासाहेब आंबेडकर की बुनियादी शिक्षाओं और उनके उस विजन पर प्रकाश डाला, जिसकी सहायता से भेदभाव मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कवियत्री ममता जयंत ने अपनी पांच कविताएं प्रस्तुत कीं, जिनके शीर्षक थे-‘सभी ने छुआ था’, ‘जीवित इमारतें’, ‘ईश्वर’, ‘नहीं चाहिए’ और ‘बहेलियों के नाम’। नामदेव ने अपनी कविताएं ‘बाबा भीम’, ‘गाड़ीवान’, ‘कुआं’ और ‘पहचान’। ये कविताएं बाबासाहेब आंबेडकर के सपनों की वर्तमान स्थिति पर फोकस करती हैं। कवियत्री नीलम की कविताओं के शीर्षक थे-‘सबसे बुरी लड़की’, ‘नई दुनिया के रचयिता’, ‘तुम्हारी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे हम’ और ‘उठो संघर्ष करो’। कविता ‘सबसे बुरी लड़की’ ने महिलाओं के अधिकारों और समानता के संघर्ष को प्रेरित किया।
महेंद्र सिंह बेनीवाल ने ‘तस्वीर’, ‘और कब तक मारे जाओगे’, ‘भेड़िया’ और ‘आग’ शीर्षक वाली कविताएं पढ़ीं, जिन्होंने समाज की दोहरी मानसिकता को बहुत ही सटीक रूपसे सामने रखा। टेकचंद द्वारा प्रस्तुत कहानी का शीर्षक ‘गुबार’ था, इसमें दलितों के कुछ समुदायों केबीच अज्ञानता की गहरी जड़ों को बहुत ही सरल तरीके से दिखाया गया। पूरन सिंह ने अपनी कहानी ‘हवा का रुख’ पढ़ी, जो विभिन्न दबावों के परिणामस्वरूप एक लेखक द्वारा किए जानेवाले समझौते की विडंबना पर केंद्रित थी। ‘दलित चेतना’ कार्यक्रम का संचालन संपादक (हिंदी) अनुपम तिवारी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लेखक, पत्रकार, छात्र-छात्राएं और दलित चिंतक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]