स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत में नव संवत्सर पर्व के अनेक रूप

आज से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा सम्वत-2076 प्रारम्भ

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 6 April 2019 12:50:57 PM

chaitra shukla pratipada samvat-2076 start

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा सम्वत-2076 से प्रारम्भ भारतीय नव सम्वत्सर और चैत्र नवरात्रि पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने बधाई संदेश में कहा है कि चैत्र नवरात्रि प्रकृति और शक्ति की उपासना का पर्व है, इस पर्व में उपवास, प्रार्थना एवं ध्यान का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्रि से ही नववर्ष के पंचांग की गणना शुरू होती है, इस समय मौसम में परिवर्तन भी होता है, इसलिए धर्म, अध्यात्म, ज्योतिष के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टि से भी नवरात्रि का बहुत महत्व है। मुख्यमंत्री ने चेटीचंद यानी भगवान झूलेलाल जयंती पर भी सभी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भगवान झूलेलाल ने सद्भाव और एकता का संदेश देकर समाज को एक नई राह दिखाई।
राज्यपाल राम नाईक ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि भारतीय काल गणना के अनुसार प्रतिपदा नव संवत्सर के दिन ब्रह्माजी ने सृष्टि की रचना की थी। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक इसी दिन हुआ था, इस दिन से ही चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नवरात्र भी आरम्भ होते हैं और इस पर्व को हम शक्ति उपासना के रूपमें भी मनाते हैं। भारत में नव संवत्सर पर्व अनेक रूपों में मनाया जाता है जैसे-महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा में गुडी पाडवा, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में प्रतिपदा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में युगादी, कश्मीर में नवरेह तथा सिंधी लोग इसे चेटीचंद जयंती के रूपमें मनाते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]