स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Sunday 23 March 2025 02:05:05 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-आईएआरआई के 63वें दीक्षांत समारोह में वर्चुअली शामिल होकर स्नातक व डॉक्टरेट डिग्री से नवाजे गए मेधावियों को बधाई दी और उनके शोध एवं नवाचारों की प्रशंसा भी की। कृषिमंत्री ने कहाकि ये मेधावी विद्यार्थी अनंत शक्तियों का भंडार हैं और उन्हें सकारात्मक ऊर्जा केसाथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहाकि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान हरित क्रांति का अग्रदूत है और अपने उत्कृष्ट शोध, शिक्षा एवं विस्तार गतिविधियों के जरिए कृषि उत्पादन व उत्पादकता में वृद्धि को निरंतर गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहाकि भारत की कृषि विकास दर दुनिया में सबसे आगे है और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान एवं किसानों की मेहनत से देश अन्न भंडारों से समृद्ध है। शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि शोध और नवाचार, कृषि स्टार्टअप और प्राकृतिक खेती पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, छात्रों को भारतीय कृषि क्षेत्र की प्रगति केलिए आगे आना चाहिए।
कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि वैश्विक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भारत को कृषि क्षेत्रमें अग्रणी बनाने केलिए अनुसंधान को और सशक्त करना होगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि शिक्षा केसाथ कौशल भी जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नवाचार, कृषि उद्यमिता, और स्टार्टअप की दिशामें आगे बढ़ने केलिए प्रेरित किया। उन्होंने बतायाकि भारत में लघु एवं सीमांत किसानों की संख्या अधिक है, इसलिए ऐसे नवाचार जरूरी हैं, जो छोटे किसानों की आय में वृद्धि करें। उन्होंने कहाकि सतत कृषि, जलवायु लचीली खेती और जैविक तथा प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने इस बातपर जोर दियाकि आईएआरआई की विकसित तकनीकों को प्रयोगशालाओं से खेतों तक तेजीसे पहुंचाना है, ताकि किसानों को अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कृषि यंत्रों, स्मार्ट फार्मिंग और उन्नत डिजिटल तकनीकों को भी अपनाने की सलाह दी। आईएआरआई का दीक्षांत समारोह नई दिल्ली में भारतरत्न सी सुब्रमणियम हॉल में समारोहपूर्वक हुआ, जिसमें 5 एमएससी और 5 पीएचडी विद्यार्थियों को आईएआरआई मेरिट मेडल से सम्मानित किया गया।
आईएआरआई बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड (नाबार्ड)-2024 डिवीजन ऑफ एंटोमोलॉजी के पीएचडी छात्र रुद्र गौड़ा को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ एमएससी छात्र पुरस्कार डिवीजन ऑफ एग्रोनॉमी की एमएससी छात्रा स्नेहा भारद्वाज को दिया गया। डॉ एचके जैन मेमोरियल यंग साइंटिस्ट अवार्ड-2024 डिवीजन ऑफ जेनेटिक्स के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ विग्नेश मुथुसामी को दिया गया। प्रकाश मिश्रा प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख एसएसटी आईएआरआई नई दिल्ली को 28वां हुकर पुरस्कार 2022-23 डॉ ज्ञान दिया गया। डिवीजन ऑफ एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन के वैज्ञानिक डॉ गिरीश सिंह महरा को 4वां नाबार्ड रिसर्चर ऑफ द ईयर-2024 प्रदान किया गया। दीक्षांत समारोह में कुल 399 स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट की उपाधियां प्रदान की गईं, इनमें विदेशी छात्र भी शामिल थे। इस अवसर पर गेहूं, मक्का, चना, मूंग, आम और विभिन्न फसलों की नई किस्मों का विमोचन किया गया, साथही तीन प्रमुख प्रकाशनों का भी अनावरण किया गया। समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी और रामनाथ ठाकुर, केंद्रीय कृषि सचिव व प्रभारी सचिव कृषि अनुसंधान शिक्षा विभाग एवं महानिदेशक आईसीएआर देवेश चतुर्वेदी, निदेशक आईएआरआई डॉ च श्रीनिवास राव, छात्र-छात्राएं, किसान और वैज्ञानिक भी मौजूद थे।