स्वतंत्र आवाज़
word map

धर्मपथ के वाहक धर्म नारायण शर्मा नहीं रहे!

संघ और विहिप में रहकर धर्म एवं संस्कृति की अनुकरणीय सेवाएं

धर्म नारायण शर्मा के देहावसान पर शोक संवेदना और श्रद्धांजलियां

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 23 March 2025 06:11:46 PM

dharm narayan sharma ​(file photo)

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति के सदस्य धर्म नारायण शर्मा का हृदय रोग की लंबी बीमारी केबाद 21 मार्च 2025 की रात विहिप के केंद्रीय कार्यालय संकट मोचन आश्रम नई दिल्ली में स्वर्गवास हो गया। धर्म नारायण शर्मा 85 वर्ष के थे। राजस्थान के उदयपुर में 20 जून 1940 को जन्मे धर्म नारायण शर्मा 1959 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक हुए। वे जयपुर और भीलवाड़ा में जिला प्रचारक, अजमेर और जोधपुर विभागों के विभाग प्रचारक, 1984 से 1994 तक महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रचारक रहने केबाद 1995 से 2000 तक विश्व हिंदू परिषद में पूर्वांचल के अंचल संगठन मंत्री और बाद में सन् 2000 से दिल्ली में विहिप के केंद्रीय मंत्री रहे। तीन वर्ष एकल अभियान में रहने केबाद वे 2024 तक विहिप के धर्म प्रसार आयाम के केंद्रीय सह प्रमुख भी रहे।
धर्म नारायण शर्मा ने हिंदू समाज केलिए आवश्यकतानुसार हिंदू आचार संहिता का प्रारूप भी तैयार किया। वे एक प्रभावी वक्ता तो थे ही प्रमुख लेखक भी थे। उन्होंने भारतीय धर्म, संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान, नारी सशक्तिकरण और युवा जैसे अनेक विषयों पर डेढ़ दर्जन से भी अधिक पुस्तकें और सैकड़ों लेख लिखे। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा हैकि धर्म नारायण शर्मा ने अपने जीवनकाल में इस प्रकार हिंदुत्व और सनातन समाज और धर्म संस्कृति की बड़ी लंबी और अनुकरणीय सेवा की है। धर्म नारायण शर्मा का पार्थिव शरीर विहिप के केंद्रीय कार्यालय में अंतिम दर्शनों केलिए रखा गया था, जहां इस महात्मा के महाप्रयाण पर उनकी पावन स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को दिल्ली निगमबोध घाट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में आरएसएस और विहिप के नेता-कार्यकर्ताओं ने उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी। धर्म नारायण शर्मा के निधन पर आरएसएस, विहिप और भाजपा के नेताओं कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]