स्वतंत्र आवाज़
word map

राफेल से भारतीय वायुसेना और मजबूत-रक्षामंत्री

'रक्षा सहयोग भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी का प्रमुख स्तम्भ'

पेरिस में भारत और फ्रांस मंत्री स्तरीय वार्षिक रक्षा वार्ता भी हुई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 9 October 2019 05:17:43 PM

defense minister rajnath singh and french defense minister

नई दिल्ली/ पेरिस। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना को साधन संपन्न बनाने पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर देते हुए कहा है कि नया राफेल मीडिया मल्टी-रोल काम्बैट एयरक्राफ्ट भारत को मजबूत बनाएगा और वायु क्षेत्र में उसके वर्चस्व को बेतहाशा प्रोत्साहन देते हुए क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। फ्रांस के मेरिग्नेंस में राफेल विमान भारत को सौंपे जाने के समारोह को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के लिए यह ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण दिन है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच मजबूत सहयोग निरंतर बढ़ता रहेगा और वैश्विक शांति, समृद्धि और पर्यावरणीय निरंतरता में योगदान देता रहेगा। उन्होंने समारोह के महत्व पर भी बल देते हुए कहा कि यह भारत और फ्रांस के बीच सामरिक साझेदारी की गहराई दर्शाता है। गौरतलब है कि भारत और फ्रांस की सरकारों के बीच 23 सितम्बर 2016 को 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए अंतर-सरकारी समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें यह जानकर बेहद प्रसन्नता हो रही है कि बड़ी तादाद में भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों को फ्रांस में राफेल लड़ाकू विमान उड़ाने, रख-रखाव में सहायता तथा उसके लॉजिस्टिक्स के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि फ्रांस में प्रशिक्षण से चालक दल को भारत में अपने कार्यों का निर्वहन करने के लिए आवश्यक ज्ञान और पेशेवर विशेषज्ञता प्राप्त करने में मदद मिलेगी। रक्षामंत्री ने कहा कि इस परियोजना का सुचारू कार्यांवयन सुनिश्चित करने के लिए भारत की ओर से राफेल परियोजना निरीक्षण दल अगस्त 2017 से ही फ्रांस में तैनात है। राजनाथ सिंह ने कहा कि राफेल लड़ाकू विमान को तय समय पर भारत को सौंपा जा रहा है और इससे भारतीय वायुसेना की ताकत और ज्यादा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राफेल विमान में उड़ान भरकर उन्हें अत्यंत सम्मानजनक अनुभव हुआ है। उन्होंने राफेल पर उड़ान से पूर्व शस्त्र पूजा की। इस अवसर पर फ्रांस की सशस्त्र बलों की मंत्री फ्लोरेंस पार्ली और डसॉल्ट एविएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एरिक ट्रेपियर भी उपस्थित थे।
रक्षामंत्री ने पेरिस में फ्रांस के सैन्य बलों की मंत्री फ्लोरेंस पार्ली के साथ दूसरी भारत-फ्रांस मंत्री स्तरीय वार्षिक रक्षा वार्ता की, जिसमें दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर व्यापक समीक्षा की। रक्षा सहयोग भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी का प्रमुख स्तम्भ है। दोनों राजनेताओं ने वर्तमान क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। दोनों ने रक्षा संबंधित आधिकारिक और संचालन स्तरपर बातचीत को और भी सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की। दोनों देशों ने संयुक्त रक्षा अभ्यासों-शक्ति, वरुण और गरुड़ के कार्यक्षेत्र को विस्तार देने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों ने यह स्वीकार किया कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत-फ्रांस साझेदारी रणनीतिक और सुरक्षा हितों को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है। दोनों मंत्रियों ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारत-फ्रांस सहयोग के संयुक्त रणनीतिक विजन (मार्च 2018) में उल्लिखित कार्यों को जारी रखने की बात कही। दोनों ने आतंकवाद के खिलाफ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की भी पुष्टि की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा सचिव डॉ अजय कुमार, रक्षा मंत्रालय तथा तीनों सशस्त्र सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]