स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 15 October 2019 01:59:40 PM
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नीदरलैंड के राजा विलेम अलेक्जेंडर और उनकी रानी मैक्सिमा की राष्ट्रपति भवन में आगवानी की। उन्होंने सम्मान भोज दिया और कहा कि भारत और नीदरलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंध और भी तेजी से मजबूत हो रहे हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि हमने पिछले चार वर्ष में प्रधानमंत्री स्तर पर तीन यात्राओं का आदान-प्रदान किया है, इससे हमारे द्विपक्षीय सहयोग को महत्वपूर्ण गति मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस राजकीय यात्रा से हमारे संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा तथा हमारे संबंध गहरे होते जाएंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और नीदरलैंड समकालीन चुनौतियों और विशेष रूपसे जलवायु संबंधी, साइबर सुरक्षा और आतंकवाद की चिंताओं को साझा करते हैं।
राजा विलेम अलेक्जेंडर और उनकी रानी मैक्सिमा का भारत में जोरदार स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक साझेदारी भारत-नीदरलैंड द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ में नीदरलैंड भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है और नीदरलैंड भारत में अग्रणी निवेशकों में शामिल है, इसी प्रकार भारतीय कंपनियों ने भी नीदरलैंड में महत्वपूर्ण निवेश किया है। उन्होंने कहा कि डच कंपनियों का कृषि, जल प्रबंधन, बंदरगाह विकास, अपशिष्ट प्रबंधन और शहरी नियोजन के क्षेत्र में विश्वस्तर पर नाम है, मैं राजा विलेम अलेक्जेंडर को भारत के विकास में साझेदार बनने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित करता हूं। राष्ट्रपति ने विभिन्न निर्यात नियंत्रण नियमों के लिए भारत की सदस्यता और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट के लिए अपने दावे के लिए नीदरलैंड के समर्थन की सराहना की।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि आतंकवाद आज दुनिया को प्रभावित करने वाले सबसे गंभीर खतरों में से एक है और हमें इस बुराई को हराने और नष्ट करने के लिए एक मजबूत वैश्विक साझेदारी विकसित करने के लिए एक साथ आना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे ऐतिहासिक संबंधों की मजबूत नींव पर हमने नवाचार, निवेश और प्रौद्योगिकी द्वारा संचालित एक साझेदारी बनाई है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सॉल्यूशंस, स्मार्ट सिटीज, ग्रीन एनर्जी, स्टार्ट अप्स और नए जमाने के प्रोडक्ट्स हमें साथ ला रहे हैं, भारत नदी संरक्षण पर नीदरलैंड से साझेदारी करने और सीखने के लिए भी उत्साहित है। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी आर्थिक भागीदारी ने हमारे लोगों के लिए रोजगार, जीवनशैली विकल्पों से लेकर भोजन तक के नए अवसर पैदा किए हैं। ज्ञातव्य है कि नीदरलैंड आज यूरोप में सबसे बड़ा भारतीय समुदाय वाला देश है। नीदरलैंड में बढ़ते भारतीय छात्रों और पेशेवरों की संख्या हमारी सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बना रहा है और हमारी प्रौद्योगिकी साझेदारी में भी प्रगाढ़ता ला रहा है।