स्वतंत्र आवाज़
word map

जनजातियों के सशक्तिकरण के विभिन्न प्रयास!

त्योहारी मौसम में ट्राइब्स इंडिया लाया जनजातीय उत्पादों का संग्रह

ट्राइब्स इंडिया आउटलेट पर खरीदें हस्तशिल्प और जैविक उत्पाद

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 12 March 2022 03:24:08 PM

tribes india brings collection of tribal products during the festive season

नई दिल्ली। बसंत ऋतु ने दस्तक दे दी है, बसंत की रौनक के साथ-साथ होली का रंगारंग त्योहार भी नजदीक आ रहा है और धीरे-धीरे लोगों में इसका जोश बढ़ने लगा है। इस जोश में कोविड के मामले कम होने का सच भी जुड़ा है। त्योहारी मौसम के इस खुशी का जश्न मनाने केलिए ट्राइब्स इंडिया ने एकबार फिर अपने प्रतिष्ठित ग्राहकों केलिए आकर्षक और चमकदार जनजातीय उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पेश की है। होली को देखते हुए महेश्वरी, चंदेरी, बाग, कांथा, भंडारा, तुसर, संभलपुरी, पोचमपल्ली और इकत जैसी समृद्ध विरासत से संबंधित विभिन्न प्रकार की रंगीन साड़ी, कुर्ता, कपड़े, स्टोल, विभिन्न बुनाई और शैलियों की पोशाक सामग्री ध्यान से बनाई गई हैं।
ट्राइब्स इंडिया के विशेष संग्रह में प्राकृतिक, औषधीय उत्पाद जैसे ऑर्गेनिक गुलाल, साबुन, शैंपू और हर्बल तेल पैक आदि हैं, इसमें शर्बत, स्क्वैश, सूखे मेवे जैसे काजू और शहद की किस्में भी हैं। डोकरा शिल्प परंपरा में खूबसूरती से हाथ से बने कटोरे को ग्राहकों का इंतजार है, क्योंकि वे होली से जुड़े सभी जैविक रंगों और पारंपरिक स्नैक्स रखने केलिए इनका उपयोग करते हैं। जैविक हल्दी, सूखा आंवला, जंगली शहद, काली मिर्च, रागी, त्रिफला और दाल के मिश्रण जैसे मूंग दाल, उड़द की दाल, सफेद बीन्स व दलिया जैसे प्राकृतिक और प्रतिरक्षा बढ़ाने वाले जनजातीय उत्पादों से लेकर कलाकृतियां जैसे पेंटिंग वार्ली शैली में हों या पटचित्र, डोकरा शैली में हाथ से बने आभूषणों से लेकर उत्तर-पूर्व की वांचो और कोन्याक जनजातियों के मोतियों के हार से लेकर कठपुतली और बच्चों के खिलौने तक, धातु शिल्प से लेकर बांस के उत्पादों की श्रृंखला ट्राइफेड के अनुभव का हिस्सा हैं।
ट्राइफेड ट्राइब्स इंडिया नेटवर्क में जनजातीय उत्पादों और उसके विपणन एवं विकास के माध्यम से आजीविका को बढ़ावा देने और जनजातीय लोगों को सशक्त बनाने के अपने प्रयासों के अनुरूप वह बिक्री केलिए अपने विविध एवं आकर्षक उत्पादों की सीमा का विस्तार कर रहा है। ट्राइब्स इंडिया के 119 आउटलेट और ई-कॉमर्स मंच विभिन्न प्रकार की जरूरतों को पूरा कर रहा है। एक आदर्श वन-स्टॉप डेस्टिनेशन के तहत ट्राइब्स इंडिया की सूची में हाल ही में देशभर के जनजातीय उत्पाद शामिल किए गए हैं, जिसमें प्राकृतिक उत्पाद भी हैं। इसमें हस्तशिल्प और हस्तकरघा दोनों मिलेंगे, जो आदिवासी जीवन के तरीकों को दर्शाते हैं। ये जनजातीय उत्पाद हस्तशिल्प और जैविक दोनों रूपमें हैं, जो उपहार केलिए अच्छे विकल्प हैं। आवश्यकताओं और बजट के हिसाब से उन्हें आकर्षक उपहार पैक और टोकरी में विशेष रूपसे सजाया जा सकता है। इन गिफ्ट हैम्पर्स को प्रीमियम ऑर्गेनिक, रीसाइकल होने वाली टिकाऊ पैकिंग सामग्री में पैक किया जा सकता है। इसे ट्राइब्स इंडिया केलिए प्रसिद्ध डिजाइनर रीना ढाका ने विशेष रूपसे डिजाइन किया है और ये किसी भी अवसर केलिए उपयुक्त हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]