स्वतंत्र आवाज़
word map

महिला राजदूतों की एक अनूठी पहल!

महिला राजदूतों ने भारतीय उत्सवों में दिलचस्पी दिखाई

विदेश और संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त पहल-मीनाक्षी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 14 April 2022 12:32:22 PM

launched the all women ambassadors group

नई दिल्ली। विदेश एवं संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने नई दिल्ली में एक अनूठी पहल के तहत सभी महिला राजदूतों के समूह की पहली परिचय बैठक का नेतृत्व किया। बैठक में भारत में महिला राजदूतों, पुरुष राजदूतों की पत्नियों और दूतावासों की महिला प्रभारियों ने भाग लिया। परिचय बैठक में विदेश एवं संस्कृति मंत्रालयों की महिला अधिकारी भी शामिल हुईं। आजादी का अमृत महोत्सव मनाने केलिए संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की संयुक्त पहल के रूपमें यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। भाईचारे के सार्वभौमिक विषय को मूर्तरूप देने तथा एक-दूसरे केसाथ और एक-दूसरे केलिए एकजुटता से खड़े होनेकी तीव्र इच्छा से इस समूह को गठित किया गया है। गौरतलब हैकि भारत में फिनलैंड की राजदूत ऋत्वा कौक्कू-रोंडे की ओरसे मीनाक्षी लेखी से एक अखिल महिला राजदूत समूह बनाने का अनुरोध किया गया था।
अंतर्राष्ट्रीय राजनयिक क्षेत्रमें महिलाओं के सीमित प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए समूह का गठन अत्यधिक महत्वपूर्ण है। समय-समय पर बैठकों और चर्चाओं के माध्यम से राजनीतिक और निजी क्षेत्रमें महिला नेतृत्व और महिला-पुरुष समानता के बारेमें जानकारी जुटाना इस समूह का उद्देश्य है। मीनाक्षी लेखी ने भारत में सभी महिला राजदूतों केलिए संवाद की सुविधा और समर्थन का वातावरण बनाने में साधन के रूपमें इस नेटवर्क के महत्व पर जोर दिया। मीनाक्षी लेखी ने महिला-पुरुष समानता के बारेमें चर्चा की, जो उनके अनुसार न केवल एक मौलिक मानवाधिकार है, बल्कि एक शांतिपूर्ण, समृद्ध और टिकाऊ दुनिया केलिए एक आवश्यक आधार है। उन्होंने एक समावेशी और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण केलिए सतत विकास लक्ष्य महिला सशक्तिकरण से महिला-पुरुष समानता कायम करने की आवश्यकता के बारे में भी बताया।
संस्कृति मंत्रालय की सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से राजदूतों को भारत की संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिला। कथक नृत्यांगना पद्मश्री शोवना नारायण ने एक सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी, जिसके बाद पपीहा देसाई और नृत्य मंडली ने भारतीय नृत्य पर प्रस्तुति दी, जिसमें भारतीय नृत्य के विभिन्न रूपों-गरबा, डांडिया, गिद्दा की विविधता को प्रदर्शित किया गया। मीनाक्षी लेखी ने हालही के नवरात्रि समारोहों की पृष्ठभूमि में अखिल महिला राजदूत समूह के गठन के समय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने राजदूतों को त्योहार के रीति-रिवाजों और प्रथाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम में राजदूतों केलिए विशेष नवरात्रि व्यंजन परोसे गए, ताकि उन्हें भारतीय पाककला की विरासत के बारेमें एक अंतर्दृष्टि प्रदान की जा सके। पूरे कार्यक्रम की योजना मौजूदा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत बनाई गई थी, जोकि भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का उत्सव है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]