स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 25 June 2018 03:29:13 PM
नई दिल्ली/ ढाका। भारत और बांग्लादेश के बीच नौसेना रिश्ता पारंपरिक रूपसे मजबूत रहा है, जिसमें सहयोग के व्यापक क्षेत्र शामिल हैं और इनको और भी सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय नौसेनाध्यक्ष एडमिरल सुनील लाम्बा 24 से 29 जून 2018 तक बांग्लादेश के सद्भावना दौरे पर रवाना हुए। एडमिरल सुनील लाम्बा की बांग्लादेश यात्रा का उद्देश्य भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूती प्रदान करते हुए दोनों देशों के बीच नौसेना सहयोग के लिए नए अवसरों की तलाश करना है। यात्रा के दौरान नौसेनाध्यक्ष बांग्लादेश की तीनों सशस्त्र सेनाओं के प्रमुखों, बांग्लादेश सरकार और सेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। एडमिरल सुनील लाम्बा बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद बटदुल हमीद और प्रधानमंत्री शेख हसीना से भी मुलाकात करेंगे। सुनील लाम्बा का ढाका के अतिरिक्त चट्टगांव एवं खुल्ना जाना भी निर्धारित है, जहां वह बांग्लादेश के नौसेना प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे।
गौरतलब है कि भारत और बांग्लादेश के बीच अच्छे दोस्ताना संबंध हैं। भारत ने बांग्लादेश को हर प्रकार की सहायता दी हुई है और भारत-बांग्लादेश के सांस्कृतिक रिश्ते दोनों देशों को और भी करीब लाए हैं। दोनों देश आपस में गहरे सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सम्बंध साझा करते हैं। भारत और बांग्लादेश दक्षिण एशियाई पड़ोसी देश हैं। बांग्लादेश की सीमा तीन ओर से भारत द्वारा ही आच्छादित है। ये दोनों देश सार्क, बिम्सटेक, हिंद महासागर तटीय क्षेत्रीय सहयोग संघ और राष्ट्रमंडल के सदस्य हैं। बांग्लादेश और पूर्व भारतीय राज्य जैसे पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा विशेष रूपसे बंगाली भाषा बोलने वाले प्रांत हैं। बांग्लादेश को स्वतंत्र कराने में भारत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, उसे स्वायत्त राष्ट्र का दर्जा दिलाया था।