स्वतंत्र आवाज़
word map

यमुना बचाने पहुंचे विहिंप और साधु-संत

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 13 March 2013 04:15:34 AM

yamuna bachao yatra

नई दिल्ली। यमुना बचाने के लिए दिल्ली की सीमा पर पहुंचे संतों, यमुना भक्तों और विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार को मांग की कि केंद्र सरकार यमुना को बचाने हेतु शीघ्र प्रभावी कदम उठाए अन्यथा केंद्र सरकार को जन समुदाय की भावना के साथ खिलवाड़ भारी पड़ेगी। विहिंप के प्रांत संगठन मंत्री करुणा प्रकाश, बजरंग दल व दुर्गा वाहिनी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर पर पहुंचे और कहा कि संतों व यमुना पुत्रों की मांगों को और अधिक बिलंब किए बिना सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी होगी।
विहिंप दिल्ली के मीडिया प्रमुख विनोद बंसल ने बताया कि सोमवार को सुबह 9 बजे से ही विहिंप व बजरंग दल के कार्यकर्ता बदरपुर बॉर्डर पर यमुना यात्रा हेतु एकत्र होने प्रारंभ हो गए थे। गले में भगवा पटके, हाथों में फूल मालाएं, माथे पर बजरंग दल की पट्टी व होटों पर यमुना मैया व यमुना भक्तों के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। सबके सामने एक ही प्रश्न था कि पता नहीं कब यमुना को दैत्यों से आजादी मिलेगी। विहिंप दक्षिणी दिल्ली के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता व मंत्री विजय गुप्ता ने आशा व्यक्त की कि सरकार यमुना के हित में शीघ्र निर्णय कर हिंदू जन भावनाओं के साथ खिलवाड़ को रोकेगी।
यमुना यात्रा में विहिंप के प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख रूप सिंह, मीडिया टोली के विवेक कक्कड़, बदरपुर जिला अध्यक्ष कुलदीप पटियाल, मंत्री मदन सिंह व प्रभारी पीयूष चंद्र, बजरंग दल के नीरज दोनेरिया व प्रवीण बब्बर, दुर्गा वाहिनी की शोभा शुक्ला, पूर्व निगम पार्षद अनीता गुप्ता, भारतीय मजदूर संघ के प्रांत महामंत्री नागेंद्र सिंह तथा हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता सहित सैकड़ों यमुना प्रेमी शामिल थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]