स्वतंत्र आवाज़
word map

आखिर! सलमान कब छोड़ेंगे 'ऐश'

शमीम अहमद अंसारी

मुंबई। बालीवुड के अभिनेता सलमान खान भी लगता है अपनी पहली गर्ल फ्रेंड ऐश्वर्या रॉय का पीछा नहीं छोड़ेंगे। वह लंदन के तुषाद म्यूजियम में भी पहुंच गये हैं, जहां दुनिया के नामधारी लोगों और भारतीय फिल्मी सितारों के मोम के पुतले लगे हैं। सलमान की जिद थी कि जब वहां पर अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, ऐश्वर्या रॉय और दूसरे बालीवुड कलाकारों के मोम के पुतले लगे हैं तो उनके क्यों नहीं? इसलिए उन्होंने भी अपना मोम का पुतला बनवाया और ऐश्वर्या के आस-पास लगवा दिया।
यह तफसील से बताने की जरूरत नहीं है कि तुषाद म्यूजियम में इन भारतीय कलाकारों के मोम के पुतले कैसे लगते हैं या लगवाए जाते हैं। इसकेलिए ये कितना धन खर्च करते हैं और कितनी लाबिंग करते हैं, और बाद में किस तरह इसका श्रेय उस म्यूजियम और अपने फैंस को देते हैं। मान गए! इनमें बहुत से ऐसे हैं जो अपने को फिल्मी दुनिया में जिंदा रखने के लिए अपने ही पैसों से इस तरह के स्टंट करवाते रहते हैं। ऐसी ड्रामेबाजी में सलमान किसी से कम नहीं हैं। वे जानते हैं कि कब सर की गोल वाली टोपी काम आएगी और कब सड़कों पर हंगामा करने से काम चलेगा।
यहां तक तो ठीक है, पर सलमान खान अब भी ऐश्वर्या रॉय का पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। वह उन्हें परेशानी में डाले रखने से कभी बाज नहीं आते हैं। उन्हें मालूम होना चाहिए कि वह अभिषेक बच्चन के साथ अपना घर बसा चुकी है। वे हरिवंश राय बच्चन खानदान की बहू बन चुकी हैं। इसलिए अब उसके पीछे पड़ने का क्या लाभ? उसकी फिर से सलमान से दोस्ती की कोई भी
गुंजाइश नहीं बचती। इसलिए सलमान खान अगर ऐश्वर्या का पीछा छोड़ दें तो कम से कम ऐश्वर्या और अभिषेक के दांपत्य जीवन पर उनका यह बड़ा ‘उपकार’ होगा।
सलमान खान फिल्म जगत में उस कलाकार के रूप में स्थापित हैं जो हमेशा किसी न किसी बात को लेकर विवादों में रहे हैं। उनका निजी जीवन भारतीय समाज में बनावटी और उनकी विलेन तस्वीर पेश करता है। चाहे वो अभ्यारण्यों में काले हिरन का शिकार हो या अपनी तेज गाड़ी की रफ्तार से निरीह लोगों को कुचल देने का मामला हो। चाहे जिस पर थप्पड़ उठा दीजिए, गोया कि अपने सामने किसी को कुछ मत समझिए। यह सब बातें सलमान के साथ साये की तरह चलती हैं। आज नहीं तो कल सलमान खान को अपने इस निजी जीवन की गलतियों का एहसास होगा। यह वो वक्त होगा कि जब सलमान बीते समय को याद करेंगे और समय उनको भुला देगा।
उनकी बॉडी लाइन यह कभी एहसास नहीं कराती कि एक फिल्मी कलाकार में और सलमान खान में क्या फर्क है? आज वह कैटरीना कैफ को साथ लिए लंदन तक घूम रहे हैं। जो लोग सलमान के निजी जीवन को जानते हैं, वह कहा करते हैं कि जब वह ऐश के साथ नहीं चल पाए तो यह जरूरी नहीं कि वे कैटरीना कैफ का साथ लंबा साथ देंगे। क्योंकि अगर कोई इनके साथ चलना भी चाहेगा तो यह उसे नहीं चलने देंगे। अब यह देखना है कि जो कैटरीना कैफ उनके पीछे दीवानी हुई घूम रही है, उसका हश्र ऐश्वर्या राय से और कितनी जल्दी, और कितना ज्यादा बदतर होगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]