स्वतंत्र आवाज़
word map

मायावती के होर्डिंग्स से अटे चौराहे

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

लखनऊ। मुख्यमंत्री मायावती के पंद्रह जनवरी को जन्मदिन से पहले ही लखनऊ शहर और राज्य के सभी सार्वजनिक स्थान जन्मदिन की बधाईयों वाले होर्डिंग्स से अटे पड़े हैं। मायावती में अपनी निष्ठा प्रमाणित करने के लिए बसपा के नेताओं में अपने बैनर, होर्डिंग्स और पोस्टर लगाने की होड़ मची हुई है। लखनऊ में एक ओर जहां प्रदेश सरकार के निर्देश पर नगर निगम ने शहर के मुख्य चौराहों एवं मार्गों पर 'नो होर्डिंग जोन' घोषित किया है और किसी भी राजनैतिक दल एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के होर्डिंग लगाये जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है वहीं मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन के लिए इस व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी गई हैं।

शहर में लगे तमाम भारी-भरकम होर्डिंग्स खुद नगर निगम एवं सरकार की कथनी-करनी को बयान कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुबोध श्रीवास्तव ने लखनऊ शहर के प्रमुख चौराहों एवं वीवीआईपी रोड पर मायावती के जन्मदिन पर लगाई जा रही होर्डिंगों पर आंख मूंद लिए जाने पर नगर निगम की तीव्र आलोचना करते हुए बयान जारी किया गया है और नगर निगम लखनऊ से सवाल किया गया है कि जब इन चौराहों और मार्गों को ‘नो होर्डिंग जोन’ घोषित कर दिया है तो फिर इन स्थानों पर मुख्यमंत्री के जन्मदिन की होर्डिंग कैसे लगी हुई हैं? यदि कोई प्रतिबंध लगाया गया है तो यह सभी राजनीतिक दलों पर समान रूप से लागू होना चाहिए।

समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने भी इस बात के लिए आलोचना की है कि राज्य में जन्मदिन की तैयारियों में स्थानीय प्रशासन के सारे कायदे कानून ताख पर रख दिए गए हैं। इससे जनसामान्य की दिनचर्या में भी भारी बाधा उत्पन्न हो रही है। इन दलों के विभिन्न नेताओं ने कहा है कि ऐसा केवल लखनऊ में नहीं है बल्कि राज्य भर में हो रहा है। उनका कहना है कि यह शासन व्यवस्था का मज़ाक है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]