स्वतंत्र आवाज़
word map

हमारे नौजवान भारत का उज्जवल भविष्य-बिरला

भारती विद्यापीठ पुणे के 26वें दीक्षांत समारोह में उपाधियां वितरित

आंबेडकर और फुले के शिक्षा और सामाजिक सुधार याद किए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 28 February 2025 12:53:01 PM

26th convocation of bharati vidyapeeth pune

पुणे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारती विद्यापीठ पुणे के 26वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभावान स्नातकों को उपाधियां वितरित कीं और उनको उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ओम बिरला ने कहाकि पुणे भारत के सामाजिक, आर्थिक और आध्यात्मिक विकास की धरती है, यहां बाबासाहेब डॉ भीमराव आंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले ने यहां नारी शिक्षा तथा समाज सुधार की अलख जगाई, जो आजतक जल रही है। उन्होंने कहाकि हमारे नौजवान भारत का उज्जवल भविष्य हैं और वर्ष 2047 के विकसित भारत में निश्चय ही इन्हीं नौजवानों की खास भूमिका रहेगी। लोकसभा अध्यक्ष ने युवाओं से रोज़गार के अवसर पैदा करके आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य केप्रति स्वयं को समर्पित करने को कहा। उन्होंने कहाकि नए भारत में अपार अवसरों केसाथ अनेक संभावनाएं हैं, उन्होंने युवाओं का अनुसंधान और नवाचार में अग्रणी बनने का आह्वान किया।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहाकि भारतीय युवा पहले से ही अपने ज्ञान, क्षमताओं और बुद्धिमत्ता केसाथ दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने उल्लेख कियाकि भारतीय युवाओं का विकसित देशों की समृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान है। ओम बिरला ने कहाकि नया भारत नए अवसरों केसाथ समृद्धि के पथ पर अग्रसर है और युवाओं को अपने भविष्य केलिए विकसित देशों की ओर देखने के बजाय भारत को विकसित देश बनाने पर केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहाकि भारतीय युवाओं में वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने की योग्यता है तथा ज्ञान, बुद्धि और क्षमताओं से संचालित भारत वैश्विक चुनौतियों के नए समाधान प्रदान करने में दुनिया का नेतृत्व करेगा। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और देश की समृद्धि में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। ओम बिरला ने कहाकि शिक्षा तभी सफल मानी जाएगी, जब इसका लाभ समाज के ग़रीब, उपेक्षित और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मिलेगा।
ओम बिरला ने पिछले 75 वर्ष की भारत यात्रा का उल्लेख करते हुए कहाकि भारत की सफल यात्रा दुनिया केलिए लोकतंत्र की प्रेरक है और आज दुनिया के अन्य देश लोकतांत्रिक भावना को बढ़ावा देने केलिए भारत की ओर देख रहे हैं। महाराष्ट्र के गौरवशाली इतिहास का ओम बिरला ने उल्लेख किया। उन्होंने कहाकि महाराष्ट्र संघर्षों तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्रांति की भूमि है। ओम बिरला ने कहाकि वीर छत्रपति शिवाजी, ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले और इन जैसी विभूतियों की भारत के स्वर्णिम इतिहास काल में महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा वे हमेशा देश केलिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। दीक्षांत समारोह के अवसर पर ओम बिरला ने भारती विद्यापीठ के विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]