स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 21 March 2025 12:05:41 PM
मुंबई। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के प्रमुख रियर एडमिरल गेरिन गोल्डिंग केसाथ मुंबई नौसेना डॉकयार्ड में भारतीय नौसेना के नवीनतम स्वदेश में निर्मित विध्वंसक युद्धपोत आईएनएस सूरत का अवलोकन किया। पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल संजय जे सिंह ने प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का युद्धपोत स्वागत किया और उन्हें युद्धपोत की जटिल डिजाइन, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों और जबरदस्त क्षमताओं के बारेमें विस्तारपूर्वक जानकारी दी। एडमिरल संजय जे सिंह ने कहाकि यह युद्धपोत राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका की झलक प्रस्तुत करता है। आईएनएस सूरत 15 जनवरी 2025 को नौसेना में शामिल किया गया था और यह भारतीय नौसेना का नवीनतम स्वदेश निर्मित मिसाइल विध्वंसक जहाज है।
आईएनएस सूरत को मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने तैयार और भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने डिजाइन किया है। यह युद्धपोत आत्मनिर्भर भारत का एक शानदार उदाहरण है और इसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री इस्तेमाल की गई है। गौरतलब हैकि प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का यह मुंबई दौरा न्यूजीलैंड नौसेना के जहाज एचएमएनजेडएस ते काहा के 19 से 24 मार्च 2025 तक मुंबई भ्रमण के अंतर्गत है। इसके अतिरिक्त संयुक्त कार्यबल के कमांडर कमोडोर रॉजर वार्ड भी मुख्यालय डब्ल्यूएनसी के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की यह यात्रा रॉयल न्यूजीलैंड नेवी और भारतीय नौसेना केबीच मजबूत संबंधों का प्रमाण है। न्यूजीलैंड नेवी के प्रमुख रियर एडमिरल गेरिन गोल्डिंग ने भी वीएडीएम संजय जे सिंह से भेंट की और उनसे रणनीतिक रूपसे महत्वपूर्ण नौसैनिक गतिविधियों पर बातचीत की, कमांड की भूमिका पर संक्षिप्त जानकारी प्राप्त की।
न्यूजीलैंड नेवी के रियर एडमिरल गेरिन गोल्डिंग ने एनडी हेरिटेज हॉल मुंबई का दौरा किया और अप्रैल 2025 में न्यूजीलैंड नेवी के पोत एचएमएनजेडएस ते काहा की आगामी यात्रा केलिए तकनीकी सहायता के संबंध में मुंबई डॉकयार्ड के एडमिरल अधीक्षक से गहन विमर्श किया। वे इससे पहले मुंबई में गौरव स्तंभ पर जाकर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देनेवाले शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। दोनों देशों ने न्यूजीलैंड नौसेना के जहाज एचएमएनजेडएस ते काहा की यात्रा के हिस्से के रूपमें सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई गतिविधियों की योजना बनाई है, जिसमें क्रॉस-डेक दौरे, खेल कार्यक्रम एवं सामाजिक महत्व के कार्यक्रम शामिल हैं। अपने प्रस्थान के समय एचएमएनजेडएस ते काहा पोत भारतीय नौसेना केसाथ समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लेगा, जिससे परिचालन समन्वय में वृद्धि और समुद्री सहयोग केलिए साझा प्रतिबद्धता प्रदर्शित होगी।