स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रपति का मलावी में गर्मजोशी से स्वागत!

'भारत-मलावी में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं'

भारत की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की पहली मलावी की यात्रा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 18 October 2024 11:53:01 AM

president receives a warm welcome in malawi

लिलोंग्वे (मलावी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन अफ्रीकी देशों-अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की अपनी राजकीय यात्रा के अंतिम चरण में लिलोंग्वे मलावी पहुंच चुकी हैं। कामुजू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर मलावी के उपराष्ट्रपति माइकल उसी ने राष्ट्रपति की अगवानी की और गणमान्य नागरिकों और बच्चों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उनके समक्ष पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। गौरतलब हैकि भारत की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की यह मलावी की पहली राजकीय यात्रा है। राष्ट्रपति केसाथ राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार और सांसद मुकेशकुमार दलाल एवं अतुल गर्ग भी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत-मलावी व्यापार बैठक को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने कहाकि मलावी प्राकृतिक भंडार और उपजाऊ कृषि भूमि से समृद्ध देश है, दूसरी ओर भारत केपास एक बड़ा उपभोक्ता आधार है और इसकी बड़ी आबादी केलिए ऊर्जा, खनिज और भोजन की मांग बढ़ रही है। उन्होंने कहाकि हमारे दोनों देश कई क्षेत्रोंमें समन्वय स्थापित करने केलिए एकसाथ आ सकते हैं, कृषि, खनन, ऊर्जा, पर्यटन आदि क्षेत्रोंमें हमारे सहयोग को बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। राष्ट्रपति ने इस बातपर प्रसन्नता व्यक्त कीकि भारत और मलावी केबीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ रहा है, भारत वर्तमान में मलावी का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, विभिन्न क्षेत्रों में 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक के निवेश केसाथ भारत मलावी में सबसे बड़े निवेशकों में से भी एक है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि भारत-मलावी साझेदारी केवल सरकारों तकही सीमित नहीं है, क्योंकि अफ्रीकी देश एक महत्वपूर्ण व्यापार एवं निवेश गंतव्य के रूपमें उभर रहे हैं और भारत का निजी क्षेत्र इस प्रोत्साहन को बढ़ावा देने में अग्रणी है। द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि अफ्रीका में विभिन्न क्षेत्रोंमें भारतीय बहुराष्ट्रीय एवं एसएमई कंपनियों का निवेश बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त कियाकि भारत-मलावी व्यापार बैठक में हुई गहन चर्चा दोनों देशों केबीच वाणिज्यिक संबंधों को विकसित करने में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। राष्ट्रपति भारतीय समुदाय के एक स्वागत समारोह को भी संबोधित करेंगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]