स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 7 April 2025 12:19:07 PM
रामेश्वरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामेश्वरम में भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट सी नए पंबन रेल ब्रिज पर आवागमन की शुरूआत करते हुए सड़क पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाकर रवाना करके पंबन रेल ब्रिज का संचालन देखा। गौरतलब हैकि पंबन रेल पुल का गहरा सांस्कृतिक महत्व है, रामायण के अनुसार राम सेतु का निर्माण रामेश्वरम केपास धनुषकोडी से शुरू हुआ था। रामेश्वरम को मुख्य भूमि से जोड़ने वाला यह पुल वैश्विक मंच पर भारतीय इंजीनियरिंग की उल्लेखनीय उपलब्धि का प्रतीक है। इसे 700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है, इसकी लंबाई 2.08 किलोमीटर है, इसमें 99 स्पैन और 72.5 मीटर का वर्टिकल लिफ्ट स्पैन है, जो 17 मीटर की ऊंचाई तक उठता है, जिससे जहाजों की सुचारू आवाजाही की सुविधा मिलती है, साथही निर्बाध ट्रेन संचालन सुनिश्चित होता है। स्टेनलेस स्टील सुदृढ़ीकरण, उच्च श्रेणी के सुरक्षात्मक पेंट और पूरी तरहसे वेल्डेड जोड़ों से निर्मित पुल में अधिक स्थायित्व और कम रखरखाव की आवश्यकता है। इसे भविष्य की मांगों के अनुरूप दोहरी रेल पटरियों केलिए डिज़ाइन किया गया है। विशेष पॉलीसिलोक्सेन कोटिंग इसे जंग से बचाती है, जिससे कठोर समुद्री वातावरण में दीर्घायु सुनिश्चित होती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में 8300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। नरेंद्र मोदी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्रीराम नवमी पर्व का उल्लेख किया और कहाकि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर में सूर्य की दिव्य किरणों ने रामलला को भव्य तिलक से सुशोभित किया है। उन्होंने कहाकि भगवान श्रीराम का जीवन और उनके शासनकाल से मिली सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण केलिए महत्वपूर्ण आधार का काम करती है। उन्होंने कहाकि तमिलनाडु के संगम युग के साहित्य में भी मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का उल्लेख है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि ये रेल और सड़क परियोजनाएं तमिलनाडु में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगी। यह जिक्र करते हुएकि रामेश्वरम भारत के राष्ट्रपति रहे भारतरत्न डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की भूमि है, जिनके जीवन ने दिखाया हैकि कैसे विज्ञान और अध्यात्म एकदूसरे के पूरक हैं, प्रधानमंत्री ने कहाकि रामेश्वरम केलिए नया पंबन पुल प्रौद्योगिकी और परंपरा के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने कहाकि हजारों साल पुराना एक शहर अब 21वीं सदी के इंजीनियरिंग चमत्कार से जुड़ गया है। उन्होंने इंजीनियरों, श्रमिकों को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत केलिए आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि यह पुल भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट रेलवे समुद्री पुल है, जो बड़े जहाजों को नीचे से गुजरने की अनुमति देता है, साथही तेज़ ट्रेन यात्रा को सक्षम बनाता है। उन्होंने कहाकि पम्बन पुल व्यापार करने में आसानी और यात्रा में आसानी दोनों का समर्थन करता है, जिससे लाखों लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रधानमंत्री ने कहाकि नई ट्रेन सेवा रामेश्वरम से चेन्नई और देश के अन्य हिस्सों तक कनेक्टिविटी बढ़ाएगी। उन्होंने कहाकि इस विकास से तमिलनाडु में व्यापार और पर्यटन को लाभ होगा, साथही युवाओं केलिए रोज़गार और व्यवसाय के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। नरेंद्र मोदी ने कहाकि इन 10 वर्ष में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार दोगुना हो गया है, इस तीव्र वृद्धि का एक प्रमुख कारण देश का आधुनिक बुनियादी ढांचा है। उन्होंने कहाकि बीते दशक में रेलवे, सड़क, हवाई अड्डे, बंदरगाह, बिजली, पानी और गैस पाइपलाइन जैसे बुनियादी ढांचे केलिए बजट में लगभग छह गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहाकि देशभर में मेगा प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, उत्तर में जम्मू कश्मीर में चेनाब ब्रिज का निर्माण हो चुका है, जो दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुलों में से एक है। उन्होंने कहाकि पश्चिम में मुंबई अब देश के सबसे लंबे समुद्री पुल अटल सेतु का घर है, पूर्व में असम में बोगीबील ब्रिज प्रगति का प्रमाण है, जबकि दक्षिण में दुनिया के कुछ ऊर्ध्वाधर लिफ्ट पुलों में से एक पंबन ब्रिज है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बतायाकि पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारा पूरा होने वाला है, देश की पहली बुलेट ट्रेन पर तेजी से काम चल रहा है, जबकि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें रेल नेटवर्क को औरभी उन्नत बना रही हैं। उन्होंने कहाकि जब देश का हर क्षेत्र एक-दूसरे से जुड़ेगा तो विकसित राष्ट्र बनने का मार्ग और मजबूत होगा, दुनियाभर के हर विकसित देश और क्षेत्र में ऐसा ही हुआ है। उन्होंने कहाकि भारत के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में तमिलनाडु महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जैसे-जैसे तमिलनाडु की क्षमता बढ़ती जाएगी, भारत का विकास और भी ज्यादा तेज होगा। उन्होंने कहाकि केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के विकास केलिए तीन गुना अधिक धनराशि आवंटित की है, जिसने तमिलनाडु के आर्थिक और औद्योगिक विकास में बहुत योगदान दिया है, तमिलनाडु का रेल बजट सात गुना से अधिक बढ़ा दिया है। उन्होंने कहाकि इसवर्ष तमिलनाडु का रेल बजट 6000 करोड़ रुपये से अधिक है और केंद्र सरकार राज्य के 77 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण कर रही है, जिसमें रामेश्वरम स्टेशन भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने जानकारी दीकि केंद्र सरकार के सहयोग से तमिलनाडु में 4000 किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं, चेन्नई पोर्ट को जोड़ने वाला एलिवेटेड कॉरिडोर उल्लेखनीय बुनियादी ढांचे का एक और उदाहरण होगा। प्रधानमंत्री ने कहाकि चेन्नई मेट्रो जैसी आधुनिक सार्वजनिक परिवहन प्रणालियां तमिलनाडु में यात्रा को आसान बना रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में सामाजिक बुनियादी ढांचे में रिकॉर्ड निवेश को रेखांकित करते हुए खुशी जाहिर कीकि तमिलनाडु में करोड़ों परिवारों को इनका लाभ मिला है। उन्होंने तमिलनाडु सरकार से तमिल भाषा में चिकित्सा शिक्षा के पाठ्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया, जिससे ग़रीब परिवारों के बच्चों को मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहाकि भारत की नीली अर्थव्यवस्था देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, इस क्षेत्रमें तमिलनाडु की ताकत को वैश्विक स्तरपर पहचाना जाएगा। उन्होंने मछुआरों की सुरक्षा केलिए सरकार की प्रतिबद्धता पर बल दिया और बतायाकि बीते एक दशक में श्रीलंका से 3700 से अधिक मछुआरों को वापस लाया गया है। भारत में बढ़ती वैश्विक रुचि और देश के बारेमें जानने और समझने केलिए उत्सुक लोगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने इस आकर्षण में भारत की संस्कृति और सॉफ्ट पावर पर जोर दिया। उन्होंने कहाकि सरकार यह सुनिश्चित करने केलिए लगातार काम कर रही हैकि तमिल भाषा और विरासत दुनिया के हर कोने तक पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के अथक प्रयासों से प्रेरित है। उन्होंने कहाकि देश के लोग भाजपा सरकारों के सुशासन और राष्ट्रहित में लिए जा रहे निर्णयों को देख रहे हैं। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि, केंद्रीय आईटी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय रेल राज्यमंत्री डॉ एल मुरुगन और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।