स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 8 April 2025 11:53:36 AM
लिस्बन/ नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन दिनों पुर्तगाल और स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा पर हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु यात्रा के पहले चरण में पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के निमंत्रण पर राजधानी लिस्बन पहुंचीं, जहां मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने ऐतिहासिक प्राका डो इम्पीरियो में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गौरतलब हैकि 27 वर्ष में किसी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली पुर्तगाल यात्रा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सांता मारिया चर्च गईं और पुर्तगाल के राष्ट्रीय कवि लुइस वाज़ डी कैमोस की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने जेरोनिमोस मठ का दौरा किया, जो पुर्तगाल में 16वीं सदी के दौरान वास्तुकला का एक उत्कृष्ट नमूना है। अगले कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और पुर्तगाल के राष्ट्रपति ने दोनों देशों केबीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पर स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया, जो भारत-पुर्तगाल की समृद्ध कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं और इनमें दोनों देशों की जीवंत लोक पोशाकें हैं-राजस्थान की विशिष्ट कालबेलिया पोशाक और पुर्तगाल की पारंपरिक वियाना डो कास्टेलो पोशाक।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा केसाथ आमने-सामने की बैठक और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में दोनों देशों केबीच द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं और साझा हित के वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। राष्ट्रपति ने कहाकि भारत-पुर्तगाल के संबंध ऐतिहासिक हैं और ये लगातार और मजबूत हो रहे हैं एवं आधुनिक, बहुआयामी और गतिशील साझेदारी के रूपमें विकसित हैं। उन्होंने विशेष रूपसे व्यापार, निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, आईटी, डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, कनेक्टिविटी एवं गतिशीलता में दीर्घकालिक द्विपक्षीय संबंधों को और ज्यादा मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक केबाद दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने प्रेस वक्तव्य जारी किए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आदर सत्कार केलिए राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा और पुर्तगाल की सरकार एवं लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहाकि उनकी यह यात्रा दोनों देशों केबीच राजनयिक संबंधों की पुनर्स्थापना के 50 वर्ष पर हो रही है। इस अवसर पर उन्होंने 2020 में हुई राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा की भारत यात्रा का उल्लेख किया, जिस दौरान दोनों देशों केबीच द्विपक्षीय साझेदारी के विस्तार की दिशा निर्धारित की गई थी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि भारत-पुर्तगाल के ऐतिहासिक संबंधों को लगातार उच्चस्तरीय यात्राओं से मजबूती मिली है और बढ़ती वाणिज्यिक सहभागिता से भी इन्हें सहयोग मिला है। द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा से कहाकि हमारा रिश्ता आपसी विश्वास, समझ और मुख्य हितों के मुद्दों पर एक-दूसरे के समर्थन पर आधारित है। उन्होंने कहाकि हम संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय मंचों में अपने समन्वय और सहयोग को मजबूत करने पर सहमत हैं। राष्ट्रपति ने कहाकि वे पुर्तगाल के प्रधानमंत्री मोंटेनेग्रो और संसद के अध्यक्ष से भी भेंट करेंगी एवं लिस्बन सिटी काउंसिल के 'कुंजी सौंपने' के समारोह में शामिल होंगी और पुर्तगाल में भारतीय समुदाय से भी मिलेंगी। द्रौपदी मुर्मु ने पुर्तगाल के नागरिकों को उनकी प्रगति और समृद्धि केलिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।