स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 15 August 2018 02:48:42 PM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे और राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया, जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने वाराणसी में भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर तिरंगा फहराया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वतंत्रता दिवस पर कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि जबसे केंद्र में नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, तबसे गांव, ग़रीब, किसान, नौजवान और समाज के सभी वर्गों के जीवन में खुशहाली आई है। उन्होंने कहा कि देश में ग़रीबों के लिए पांच लाख रुपए की स्वास्थ्य बीमा योजना एक वरदान है, जिससे ग़रीबों को उपचार में बड़ी सहायता मिलेगी, ग़रीबों के लिए भाजपा सरकार का यह एक ऐतिहासिक फैसला है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश-प्रदेश के ग़रीबों को सबसे बड़ा उपहार मोदी केयर के रूपमें आयुष्मान भारत के माध्यम से आमजन को दिया गया है, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी का आभार व्यक्त करता हूं। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष और अब राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में प्रचंड सफलता अर्जित की थी। भाजपा प्रदेश कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव हरीशजी, समीर सिंह, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सहप्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, सांसद अशोक बाजपेयी, राकेश त्रिपाठी, नवीन श्रीवास्तव, अनीता अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रशांत सिंह अटल, अखिलेश अवस्थी, मधु मिश्रा, जया शुक्ला, विनय शाही, डॉ राजेश कुमार पांडेय, सुधीर कुमार, पुष्पा सिंह चौहान, भाजपा के पदाधिकारी एवं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडेय ने वाराणसी में ध्वजारोहण करने के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं प्रदेशवासियों को 72वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व मना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली और समृद्धिशाली राष्ट्र के रूपमें पूरे विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। डॉ पांडेय ने अपील की कि हमसब मिलकर जाति, धर्म के भेदभाव से दूर रहकर भारत को एक गौरवशाली और सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ग़रीबों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना को ऐतिहासिक और क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि यह देश के सामान्यजन की जरूरत और समस्या के हर क्षेत्र को कवर कर रही है।