स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 18 March 2025 12:37:21 PM
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहाकि भारत-न्यूजीलैंड केबीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, जो लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों केबीच मजबूत संबंधों में निहित साझा मूल्यों पर आधारित हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गत वर्ष अगस्त में न्यूजीलैंड की अपनी राजकीय यात्रा की यादें ताजा कीं और कहाकि न्यूजीलैंड की प्राकृतिक सुंदरता और वहां के लोगों की सांस्कृतिक विविधता ने उनके मन पर अमिट छाप छोड़ी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि शैक्षिक आदान-प्रदान भारत और न्यूजीलैंड संबंधों का एक महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने संस्थागत आदान-प्रदान, भारत में न्यूजीलैंड के विश्वविद्यालयों के परिसरों की स्थापना और दोहरी डिग्री के माध्यम से दोनों देशों केबीच शैक्षिक सहयोग की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड केबीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों के विकास पर भी संतोष व्यक्त किया, जिसमें सीमा शुल्क, बागवानी, वानिकी, आपदा प्रबंधन और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्रोंमें सहयोग के नए अवसर शामिल हैं। राष्ट्रपति ने न्यूजीलैंड की प्रगति में प्रतिभाशाली और मेहनती भारतीय समुदाय के उल्लेखनीय योगदान की भी प्रशंसा की। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपनी-अपनी राजकीय यात्राओं और मुलाकातों को याद करते हुए विश्वास जतायाकि उस दौरान दोनों देशों केबीच घोषित महत्वपूर्ण परिणाम भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी को सकारात्मक प्रगति प्रदान करेंगे।