स्वतंत्र आवाज़
word map

एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स का अभियान सफल

नौ महीने 14 दिन बाद फ्लोरिडा में टीम सहित पृथ्वी पर सकुशल उतरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति की पूरी टीम को बधाई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 19 March 2025 06:30:31 PM

astronaut sunita williams' mission successful (file photo)

वाशिंगटन डीसी। भारतीय मूल की अमेरिकी एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने 14 दिन बाद फ्लोरिडा के समुद्र में पृथ्वी पर सकुशल लौट आए हैं। इनके साथ क्रू-9 के दो और एस्ट्रोनॉट अमेरिका के निक हेग और रूस के अलेक्सांद्र गोरबुनोव भी हैं। उनका ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट भारतीय समयानुसार 19 मार्च को सुबह 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर लैंड हुआ। ये चारों एस्ट्रोनॉट इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से रवाना हुए थे। स्पेसक्राफ्ट के धरती के वायुमंडल में प्रवेश करने पर इसका तापमान 1650 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा था, इस दौरान करीब 7 मिनट केलिए कम्युनिकेशन ब्लैकआउट रहा यानी यान से संपर्क नहीं रहा। ड्रैगन कैप्सूल के अलग होने से लेकर समुद्र में लैंडिंग तक करीब 17 घंटे लगे। स्पेसक्राफ्ट का 18 मार्च को सुबह 08:35 बजे हैच हुआ यानी दरवाजा बंद हुआ। स्पेसक्राफ्ट 10:35 बजे ISS से अलग हुआ और 19 मार्च को रात 2:41 बजे डीऑर्बिट बर्न शुरू हुआ यानी कक्षा से उल्टी दिशा में स्पेसक्राफ्ट का इंजन फायर किया गया एवं आज सुबह 3:27 बजे स्पेसक्राफ्ट की पृथ्वी के वातावरण में एंट्री हुई और फ्लोरिडा के तटीय समुद्र में लैंडिंग हो गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स सहित क्रू-9 अंतरिक्ष यात्रियों की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर उन्‍हें हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने क्रू-9 अंतरिक्ष यात्रियों के साहस, दृढ़ संकल्प और अंतरिक्ष अन्वेषण में उनके योगदान की सराहना की। नरेंद्र मोदी ने कहाकि अंतरिक्ष अन्वेषण से अभिप्राय मानवीय क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाना, सपने देखना और उन सपनों को यर्थात में परिवर्तित करने का साहस दिखाना है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि सुनीता विलियम्स ने एक पथप्रदर्शक और आदर्श के रूपमें अपने पूरे करियर में इस भावना का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है। एक्स पर अपने एक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहाकि क्रू-9 आपका स्वागत है, पृथ्‍वीवासियों ने आपकी प्रतीक्षा की। सुनीता विलियम्स और उनके सहयोगियों पर हमें गर्व है, जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने केलिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने दिखाया हैकि जब सटीकता और लगन तथा तकनीक और दृढ़ता का सामंजस्‍य होता है तो कार्य सिद्ध होते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहाकि शानदार और उद्देश्य पूरा हुआ। दुनियाभर के वैज्ञानिकों की ओर से सोशल मीडिया पर उज्जवल कमेंट आ रहे हैं। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और देशवासियों ने सुनीता विलियम्स को उनकी सफल अंतरिक्ष यात्रा और सकुशल पृथ्वी पर वापसी केलिए बधाई दी है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]