स्वतंत्र आवाज़
word map

पुलिसिया रवैये में बदलाव की जरूरत-वेंकैया

तमिलनाडु पुलिस को प्रेसिडेंशियल पुलिस कलर प्रदान किया

'महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण जरूरी'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 1 August 2022 01:52:18 PM

presidential police color awarded to tamil nadu police

चेन्नई। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने पुलिस बलों से महिलाओं के विरूद्ध अपराधों से संबंधित मामलों में अतिरिक्त संवेदनशील होने की अपील की है। उन्होंने कहाकि महिलाओं को आगे बढ़ने और उनकी पूरी क्षमता हासिल करने में सहायता करने केलिए महिलाओं केलिए सुरक्षित और सक्षमकारी वातावरण का निर्माण करना बहुत महत्वपूर्ण है। वेंकैया नायडू ने चेन्नई में तमिलनाडु पुलिस को प्रेसिडेंशियल पुलिस कलर प्रदान करने केबाद पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए देश में सबसे अधिक महिला पुलिस थानों और महिला पुलिसकर्मियों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या होने केलिए तमिलनाडु की प्रशंसा की। उन्होंने कहाकि महिलाएं हमारी आधी आबादी हैं, लेकिन उन्हें विभिन्न मोर्चों पर समान अवसर प्रदान करने केलिए अभीभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
उपराष्ट्रपति ने साइबर अपराध और अन्य आधुनिक अपराधों जैसे-ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं सीमापार अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस बलों को 21वीं सदी के इन अपराधों से प्रभावी और त्वरित तरीके से निपटने केलिए कुशल बनने और खुदको इसके लिए तैयार होने की अपील की। उन्होंने वैज्ञानिक तर्ज पर साइबर अपराध के मामलों की जांच केलिए विभिन्न साइबर फोरेंसिक सुविधाओं के अलावा 46 साइबर अपराध पुलिस स्टेशनों केसाथ एक अलग साइबर अपराध विंग की स्थापना केलिए तमिलनाडु पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहाकि कौशल का उन्नयन, अवसंरचना में सुधार और पुलिस बल के रवैये में बदलाव पुलिस के आधुनिकीकरण के प्रमुख तत्व हैं। उपराष्ट्रपति ने सांस्कृतिक कलाकृतियों की चोरी या नुकसान के मामलों की जांच केलिए देश में अपनी तरह की पहली विशिष्ट आइडल विंग केलिए भी तमिलनाडु पुलिस की सराहना की।
अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से दस अमूल्य प्राचीन मूर्तियों को हासिल करने केलिए राज्य पुलिस की सराहना करते हुए उन्होंने कहाकि हमें अपनी सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत और सभ्यतागत मूल्यों को संरक्षित करने केलिए हर संभव कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने तमिलनाडु राज्य की समृद्ध और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे हमारी आगामी पीढ़ियों केलिए संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वेंकैया नायडू ने तमिलनाडु को भारत के सबसे समृद्ध और औद्योगिक राज्यों मेंसे एक बताते हुए कहाकि तेजीसे बदलते सामाजिक एवं आर्थिक माहौल में पुलिस की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहाकि राज्य की आर्थिक प्रगति के पीछे प्राथमिक कारणों में से एक सार्वजनिक व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में राज्य पुलिस की भूमिका है, जो राज्य में निवेश, वृद्धि और विकास को आकर्षित करने केलिए आवश्यक है।
पुलिस कर्मियों केलिए कई कल्याणकारी उपायों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपराष्ट्रपति ने बल में तनाव तथा शराब और आत्महत्याओं की रोकथाम केलिए एक पुलिस कल्याण कार्यक्रम शुरू करने केलिए विशेष रूपसे तमिलनाडु की प्रशंसा की। उन्होंने तमिलनाडु की 1076 किलोमीटर लंबी तटीयरेखा की प्रभावी ढंग से रक्षा करने और मछुआरों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने में राज्य पुलिस की भूमिका की भी सराहना की। प्रेसीडेंट पुलिस कलर की प्रस्तुति को तमिलनाडु पुलिस के इतिहास में एक गौरवशाली क्षण बताते हुए वेंकैया नायडू ने तमिलनाडु पुलिस के सभी सेवारत और सेवानिवृत्त सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उपराष्ट्रपति ने तमिलनाडु में पुलिस महानिदेशक और पुलिस बल के प्रमुख डॉ सी सिलेंद्र बाबू को भी बधाई दी, जिनके नेतृत्व में तमिलनाडु पुलिसकर्मियों ने परेड का एक प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वेंकैया नायडू ने इस अवसर पर एक डाक टिकट भी जारी किया।
उपराष्ट्रपति ने चेन्नई केसाथ अपने जीवनभर रहे जुड़ाव का भी स्मरण किया और इसे एक सुंदर शहर बताया, जो उन्हें सदा विस्मित करता रहा है। उपराष्ट्रपति के रूपमें यह वेंकैया नायडू की चेन्नई की अंतिम यात्रा थी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, तमिलनाडु सरकार के मुख्य सचिव डॉ वी इराई अंबू, तमिलनाडु के पुलिस बल के डीजीपी डॉ सी सिलेंद्र बाबू, तमिलनाडु सरकार के एसीएस (गृह) के फणींद्र रेड्डी, चेन्नई के डीजीपी/ सीओपी शंकर जीवाल, तमिलनाडु सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल बी सेल्वा कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]