स्वतंत्र आवाज़
word map

मुंबई में एशियाई महिला फिल्मकारों का उत्सव

एशियाई महिला फिल्म निर्माता पैकेज में पांच असाधारण फ़िल्में

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-18 में प्रस्तुत एक अनूठा संग्रह

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 18 June 2024 05:35:19 PM

asian women filmmakers festival in mumbai

मुंबई। भारतीय फिल्म उद्योग में महिलाओं की क्षमता, सहनशीलता और रचनात्मकता का उत्सव मनाते हुए एशियाई महिला फिल्मकारों (एशियन वुमन फिल्ममेकर) शीर्षक से मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-18 (एमआईएफएफ) में एक विशेष पैकेज प्रस्तुत किया गया। रेडियो और टेलीविजन में महिलाओं के अंतर्राष्ट्रीय संघ (इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ वुमन इन रेडियो एंड टेलीविजन) द्वारा प्रस्तुत यह अनूठा संग्रह सशक्तिकरण, सफलता की खोज और समानता जैसे विषयों पर प्रकाश डालता है तथा दर्शकों के सामने विविध और प्रेरणादायक कहानियों की श्रृंखला की पेशकश करता है। एशियाई महिला फिल्म निर्माता पैकेज में पांच असाधारण फ़िल्में शामिल हैं, जो पूरे एशिया की छह महिला निर्देशकों की प्रतिभा को प्रदर्शित करती हैं। प्रत्येक फ़िल्म अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सामाजिक चुनौतियों और महिलाओं के अदम्य साहस पर एक अनूठा दृष्टिकोण प्रदान करती है।
एकिन इल्कबाग और इदिल अक्कस निर्देशित 'डुएट' मिसरा और डेफने की कहानी बताती है, जो दो समकालीन तैराकी भागीदार और करीबी दोस्त हैं, जो 2016 में असफल होने केबाद 2020 ओलंपिक केलिए क्वालीफाई करने का प्रयास करती हैं। उनकी यात्रा चुनौतियों से भरी हुई है, जिसमें एक निष्पक्षी महासंघ, कोविड-19 महामारी और महिलाओं एवं एलजीबीटीक्यूआईए प्लस समुदाय के प्रति दमनकारी समाज में रहना शामिल है। यह फिल्म दर्शकों को दृढ़ संकल्प और सहनशीलता केसाथ बाधाओं को दूर करने केलिए प्रोत्साहित करती है, जो पात्रों के साहस को मूर्त रूप देती है। यूनिवर्सिटी ऑफ़ द आर्ट्स लंदन से स्नातक एकिन इल्कबाग सहायक निर्देशक के रूपमें काम करने केलिए इस्तांबुल लौट आईं थीं। उनकी पहली फीचर फिल्म डुएट (2022) ने 59वें एंटाल्या गोल्डन ऑरेंज फिल्म फेस्टिवल में विशेष जूरी पुरस्कार जीता था। इदिल अक्कस इस्तांबुल में रहने वाली एक स्वतंत्र निर्देशक और फिल्म संपादक है। इदिल ने इस्तांबुल विश्वविद्यालय से डिग्री ली है। उन्होंने मुख्य रूप से टेलीविजन सीरीज और वृत्तचित्रों पर काम किया है।
टकीला सनसेट जिनसुई सोंग निर्देशित यह फिल्म जिया नाम की 70 वर्षीय महिला की कहानी है, जो अपने मनोभ्रंश (डिमेंशिया) से पीड़ित पति की देखभाल के बोझ से निपटने केलिए रचनात्मक समाधानों की कल्पना करती है। जिया की यात्रा बुजुर्ग महिलाओं के संघर्षों और सपनों की एक मार्मिक खोज है। चीन के शेनझेन में पली-बढ़ी जिनसुई सोंग ने पारंपरिक मूल्यों और आधुनिक आकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाए रखा है। उनकी फ़िल्में चीनी और चीनी-अमेरिकी महिलाओं के अनुभवों पर केंद्रित हैं। अमेरिकन ड्रीम रेनी शी की एनिमेशन फिल्म एक छोटी लड़की की कहानी है, जो स्कूल में हुई गोलीबारी में मृत होने का नाटक करके बच जाती है। यह फिल्म ऐसी त्रासदियों केसभी पीड़ितों को समर्पित है और बचे हुए लोगों द्वारा अनुभव किए गए लंबे समय तक बनी रहने वाली मानसिक पीड़ा की पड़ताल करती है। निर्देशक रेनी शी फेयरफैक्स वर्जीनिया में जन्मी एक हाईस्कूल की छात्रा है, जिसे ड्राइंग, एनिमेशन, लेखन और क्रॉचिंग का शौक है। अमेरिकन ड्रीम स्कूल शूटिंग के पीड़ितों के लिए उनकी भावपूर्ण श्रद्धांजलि है।
हैप्पी इंडिपेंडेंस डे कैमिला सागिंतकन निर्देशित फिल्म कजाकिस्तान की नई पहचान की तलाश की एक प्रतीकात्मक खोज है। यह एक मध्यम आयु वर्ग के व्यक्ति मरात की कहानी है, जो अपने प्यार को खोने के बाद सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तनों केबीच जीवन के मायने तलाशने केलिए संघर्ष कर रहा है। निर्देशक कैमिला सागिंतकन अल्माटी की एक कहानीकार हैं। कैमिला सेंट पीटर्सबर्ग में कानून की डिग्री हासिल करने केबाद कजाकिस्तान लौट आई थीं। उन्होंने एक 1 एडी, निर्माता लेखक और स्क्रिप्ट सुपरवाइजर केरूप में काम किया है। ट्राइएंगिल झिनो हादी निर्देशित है। यह दो महिलाओं के बीच जटिल स्थितियों की खोज करती है, जो व्यक्तिगत रूपसे यौन उत्पीड़न की शिकार हुई थीं, जो उनकी स्थितियों को जटिल बनाते हैं और उनके अनुभवों की बारीकियों को रेखांकित करते हुए उनके रास्ते एक-दूसरे से मिलते हैं। निर्देशक झिनो हादी सुलेमानिया में जन्मी हैं। उन्होंने सुलेमानिया विश्वविद्यालय से पत्रकारिता और बाद में सिनेमा में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। एशियाई महिला फिल्म निर्माता पैकेज सिनेमा में महिलाओं की आवाज़ की शक्ति और समानता की उनकी खोज का प्रमाण है। ये फिल्में न केवल मनोरंजन करती हैं, बल्कि दर्शकों को विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमि की महिलाओं की नज़र से दुनिया को देखने केलिए प्रेरणा देती है और चुनौतियों के बारे में भी बताती हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]