स्वतंत्र आवाज़
word map

एंड्रॉइड और आईओएस पर 'संज्ञान ऐप'

आरपीएफ ने डिजाइन और विकसित किया है 'संज्ञान ऐप'

'संज्ञान ऐप' में तीनों नए आपराधिक कानूनों की जानकारी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 28 June 2024 01:33:05 PM

mobile application 'sangyaan app' launched

नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक मनोज यादव ने मोबाइल एप्लिकेशन 'संज्ञान ऐप' लॉंच किया है। इसे आरपीएफ की तकनीकी टीम ने डिजाइन और विकसित किया है। इसपर तीन नए आपराधिक अधिनियम-भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)-2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए)-2023 की गहन जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। 'संज्ञान ऐप' एंड्रॉइड और आईओएस दोनों में उपलब्ध है। इसका उद्देश्य आरपीएफ कर्मियों को नए और पुराने आपराधिक अधिनियमों के प्रावधानों को समझने केलिए व्यापक जानकारी प्रदान करके शिक्षित एवं सशक्त बनाना है, साथही आरपीएफ परिचालन के संदर्भ में इन नए अधिनियमों की प्रासंगिकता को रेखांकित करना है।
संज्ञान ऐप में उपयोगकर्ता अनुकूल नेविगेशन, खोज योग्य डेटाबेस और ऑफलाइन पहुंच की सुविधा है, जो इसे भारत में नवीनतम विधिक घटनाक्रमों के बारेमें जानकारी रखने के इच्छुक किसीभी व्यक्ति केलिए एक व्यावहारिक साधन बनाती है। 'संज्ञान ऐप' की मुख्य विशेषताएं हैं-व्यापक विधिक पहुंच: यह ऐप तीनों नए आपराधिक कानूनों के सभी प्रावधानों तक सुगम पहुंच प्रदान करता है, जो मोबाइल पर देखने केलिए अनुकूलित हैं। उपयोगकर्ता इन अधिनियों को आसानी से पढ़ सकते हैं, खोज सकते हैं और उनका संदर्भ ग्रहण कर सकते हैं। कानूनों की तुलना: उपयोगकर्ता संगत धारा तुलना तालिका की सहायता से नए और पुराने कानूनों की विशिष्ट धाराओं की तुलना कर सकते हैं। यह सुविधा कानूनी ढांचे में बदलाव व निरंतरता को पहचानने और समझने में सहायता करती है। धारावार विश्लेषण: तीनों नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख धाराओं का विस्तार से विश्लेषण किया गया है। साथही विभिन्न प्रावधानों और प्रक्रियात्मक परिप्रेक्ष्य के लिए क्षेत्रीय परिचालनों में उनकी प्रयोज्यता पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।
उन्नत खोज उपकरण: संज्ञान उन्नत खोज कार्यक्षमताएं प्रदान करता है, जिससे उपयोगकर्ताओं को विधिक ग्रंथों के माध्यम से कुशलतापूर्वक खोज करने की सुविधा प्राप्त होती है। उपयोगकर्ता धारा वार, अध्याय वार और विषय वार खोज कर सकते हैं, जिससे प्रासंगिक जानकारी को शीघ्रता से ढूंढना आसान हो जाता है। समावेशी कानूनी डेटाबेस: तीन नए कानूनों के अलावा संज्ञान ऐप में रेलवे सुरक्षा से संबंधित और भी आवश्यक अधिनियम एवं नियम भी शामिल हैं। इनमें रेल सुरक्षा बल अधिनियम-1957, रेल अधिनियम-1989, रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम-1966 और आरपीएफ नियम-1987 शामिल हैं। यह व्यापक डेटाबेस सुनिश्चित करता हैकि उपयोगकर्ताओं को रेल सुरक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण विधिक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। उपयोगकर्ता अनुकूल डिजाइन: संज्ञान ऐप को सटीकता और उपयोग में सुगमता केलिए डिजाइन किया गया है, जो यह सुनिश्चित करता हैकि उपयोगकर्ता महत्वपूर्ण विधिक जानकारी केसाथ कुशलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से जुड़ सकें, जिससे आरपीएफ परिचालन में अधिनियमों को लेकर उनकी समझ और उनके उपयोग में बढ़ोतरी हो सके।
रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक मनोज यादव ने रेल कर्मियों को विस्तृत जानकारी प्रदान करने केलिए ई-बुक और प्रिंट दोनों प्रारूपों में 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)-2023 पुस्तिका' भी जारी की। यह पुस्तिका आरपीएफ के परिचालन में अधिनियम के व्यावहारिक अनुप्रयोग को रेखांकित करती है। आरपीएफ महानिदेशक के अनुसार मोबाइल ऐप और पुस्तिका पारदर्शिता, पहुंच और महत्वपूर्ण विधिक जानकारी के प्रसार को लेकर आरपीएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। संज्ञान ऐप कानूनी संसाधनों की सुलभता की दिशामें एक महत्वपूर्ण कदम होनेके साथ परिचालन उत्कृष्टता केलिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने की आरपीएफ की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस संबंध में अधिक जानकारी और ऐप डाउनलोड करने केलिए गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर पर जाएं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]