स्वतंत्र आवाज़
word map

महिला वुशू लीग के लिए पटियाला में तैयारी पूरी

अंतर्राष्ट्रीय विजेता आयरा और कोमल शानदार प्रदर्शन के लिए तैयार

देशभर की महिला एथलीटों को अवसर और भागीदारी को प्रोत्साहन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 8 July 2024 05:39:45 PM

preparations complete in patiala for women's wushu league

पटियाला। खेलो इंडिया महिला वुशु लीग का उत्तरी क्षेत्रीय दौर बहुत से लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने वाला है, क्योंकि इसमें प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय एथलीट आयरा चिश्ती और कोमल नागर अपने शानदार प्रदर्शन केलिए तैयार हैं। महिला वुशु लीग प्रतियोगिता 9 से 13 जुलाई तक पटियाला के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान में होगी, जिसमें सब जूनियर, जूनियर और सीनियर श्रेणियों के 350 एथलीट अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एसएआई पटियाला की इस प्रतियोगिता में सांडा (लड़ाई) और ताओलू (रूप) दोनों शामिल किए गए हैं और इसमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और लद्दाख की प्रतिभागी भाग ले रही हैं। युवा मामले और खेल मंत्रालय का खेल विभाग, भारतीय वुशु महासंघ की 7.2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाली इस प्रतियोगिता का वित्तपोषण कर रहा है, सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर स्पर्धाओं के शीर्ष आठ वुशु एथलीटों को नकद प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
कर्नाटक में पिछले महीने हुए दक्षिण क्षेत्रीय मुकाबलों केबाद यह अगले दौर की क्षेत्रीय प्रतिस्‍पर्धा होगी। चार क्षेत्रीय मुकाबलों केबाद राष्ट्रीय रैंकिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। महिला वुशु लीग कई ऐसी नई खिलाड़ियों को मौका देगी, जो अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता आयरा चिश्ती (18 वर्ष) और कोमल नागर (19 वर्ष) की तरह खेलों में बड़ा नाम कमाना चाहती हैं और जो एनएसएनआईएस पटियाला सेंटर में प्रशिक्षण ले रही हैं। वर्ष 2022 में प्रतियोगिता में पदार्पण करनेवाली एवं पिछली दो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी जम्मू कश्मीर की आयरा चिश्ती का कहना हैकि वह खेलो इंडिया महिला वुशु लीग में अपने घरेलू मैदान में खेलने को लेकर बहुत उत्साहित है और खेलो इंडिया महिला लीग उन बहुत सारी लड़कियों केलिए महत्वपूर्ण है, जो खेलों में अपना भविष्य संवारना चाहती हैं एवं वह इसके लिए सरकार की भी आभारी है। आयरा चिश्ती का कहना हैकि जहांतक उसका सवाल है, वह 52 किलोग्राम वर्ग में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना चाहती है और भारत केलिए यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला बनना चाहती है, इससे पहले उसका लक्ष्य इस सितंबर में चीन में होनेवाली सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है।
आयरा चिश्ती सीनियर 52 किलोग्राम सांडा वर्ग में हिस्सा लेगी, उसने 2022 में इंडोनेशिया में जूनियर वुशु विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था, वर्ष 2022 में जॉर्जिया में अंतर्राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और 2024 में रूसी मॉस्को स्टार्स वुशु अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता है। चंडीगढ़ की कोमल नागर सांडा में रूसी मॉस्को स्टार्स वुशु अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2023 की स्वर्ण पदक विजेता है। उसका कहना हैकि कैलेंडर वर्ष में राष्ट्रीय टूर्नामेंट के अलावा एक और टूर्नामेंट खेलने का अवसर मिलने से उसका आत्मविश्वास और ज्यादा बढ़ा है। कोमल नागर ने 14 साल की उम्र में आत्मरक्षा तकनीक सीखना शुरू कर दिया था। उसका कहना हैकि खेलो इंडिया महिला लीग अपने प्रदर्शन का आकलन करने, खेल की खामियों और उसमें सुधार करने की दिशा में काम करने केलिए एक अच्छा मंच प्रदान करती है। गौरतलब हैकि महिलाओं केलिए खेल विषय केतहत खेलो इंडिया महिला लीग को दो मुख्य प्रारूपों में तय किया गया है, मेजर लीग और सिटी लीग।
खेलो इंडिया महिला लीग विभिन्न खेल प्रारूपों में महिलाओं के प्रदर्शन को बढ़ावा देने केलिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूपमें काम करती है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक खेल की आवश्यकताओं के अनुरूप विशिष्ट आयु श्रेणियों या भार श्रेणियों में लीग आयोजित की जाती है। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय से समर्थित यह दृष्टिकोण न केवल महिला एथलीटों की व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करता है, बल्कि देशभर में विभिन्न कौशल स्तरों और आयु समूहों में खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं उसके विकास की सुविधा भी देता है। विभिन्न खेल प्रारूपों के माध्यम से खेलो इंडिया पहल का उद्देश्य देश में एक जीवंत खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और भारत की महिला एथलीटों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाना एवं अवसर प्रदान करना है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]