स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-श्रीलंका का 'मित्र शक्ति' सैन्य अभ्यास

दोनों देशों के बीच रक्षा सहायता एवं द्विपक्षीय संबंध और सुदृढ़

श्रीलंका के मदुरु ओया के आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में हुआ शुभारंभ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 13 August 2024 02:24:50 PM

india and sri lanka conduct joint military exercise

मदुरु ओया (श्रीलंका)। भारत और श्रीलंका केबीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति’ का 10वां संस्करण श्रीलंका के मदुरु ओया के आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में आरंभ हो चुका है। यह सैन्याभ्यास 25 अगस्त 2024 तक चलेगा। सैन्याभ्यास में भारतीय दल के 106 सैन्यकर्मी शामिल हैं, जिनका प्रतिनिधित्व राजपुताना राइफल्स की एक बटालियन एवं सैन्यकर्मी कर रहे हैं। वहीं श्रीलंका के सैन्यदल का प्रतिनिधित्व श्रीलंकाई सेना की गजबा रेजिमेंट के सैन्यकर्मी कर रहे हैं। मित्र शक्ति सैन्य अभ्यास एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जो भारत और श्रीलंका में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। इसका पिछला संस्करण नवंबर 2023 में महाराष्ट्र के शहर पुणे में हुआ था।
भारत और श्रीलंका के संयुक्त सैन्याभ्यास का उद्देश्य संयुक्तराष्ट्र अधिदेश के अध्याय VII केतहत उप पारंपरिक परिदृश्य में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने केलिए संयुक्त सैन्य क्षमताओं को और समृद्ध करना एवं बढ़ावा देना है। यह सैन्याभ्यास अर्धशहरी वातावरण में सैन्य संचालन पर विशेष रूपसे केंद्रित रहेगा। इस दौरान सामरिक गतिविधियों में आतंकवादी कार्रवाई का मुकाबला, एक संयुक्त कमान पोस्ट की स्थापना, एक खुफिया एवं निगरानी केंद्र की स्थापना, एक हेलीपैड/ लैंडिंग साइट की सुरक्षा, छोटे दलों का प्रवेश एवं निकासी, विशेष हेलीबोर्न ऑपरेशन, घेरा और तलाशी अभियान, ड्रोन एवं काउंटर ड्रोन सिस्टम का उपयोग आदि शामिल है। यह दोनों पक्षों को संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति, तकनीक एवं प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने में सक्षम बनाएगा। यह दोनों सेनाओं केबीच अंतर-संचालन गतिविधियों, सौहार्द और शांति सहयोग विकसित करने में मदद करेगा। इससे दोनों मित्र देशों केबीच रक्षा सहायता एवं द्विपक्षीय संबंध भी और सुदृढ़ होंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]