स्वतंत्र आवाज़
word map

नरेंद्र मोदी का पोलैंड में गर्मजोशी से स्वागत

पोलैंड में प्रवासी भारतीय समुदाय को नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम नई पहल की घोषणा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 22 August 2024 12:19:28 PM

narendra modi gets a warm welcome in poland

वारसॉ। पोलैंड में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सम्मान में आयोजित प्रवासी भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय ने विशेष उत्‍साह और गर्मजोशी केसाथ स्वागत किया। उन्होंने कहाकि लोकतंत्र की जननी के रूपमें भारत और पोलैंड साझा मूल्‍यों केसाथ दोनों देशों को करीब लाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-पोलैंड संबंधों को मजबूत करने केलिए पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा और प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क का धन्यवाद दिया। गौरतलब हैकि भारतीय प्रधानमंत्री की पोलैंड यात्रा 45 वर्ष के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में भारतीय प्रवासी समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान पर अपने विचार साझा किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन गंगा की सफलता में भारतीय प्रवासी समुदाय की भूमिका की सराहना की। उन्होंने इस समुदाय से भारत में पर्यटन का ब्रांड एंबेसडर बनने और इसकी विकास गाथा का हिस्सा बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहाकि कोल्‍हापुर के डोबरी महाराजा और मोंटे कैसिनो की लड़ाई के स्मारक दोनों देशों के लोगों के बीच जीवंत संबंधों के शानदार उदाहरण हैं। इस विशेष बंधन को और मजबूत करने केलिए प्रधानमंत्री ने जामसाहब मेमोरियल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम नामक एक नई पहल की घोषणा की। इसके तहत हर साल 20 पोलैंड के युवाओं को भारत आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने गुजरात में भूकंप के दौरान पोलैंड द्वारा की गई सहायता को भी याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 10 वर्ष में भारत की परिवर्तनकारी प्रगति के बारेमें बात की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत अगले कुछ वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने 2047 तक देश को एक विकसित राष्ट्र विकसित भारत बनाने के अपने दृष्टिकोण के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि पोलैंड और भारत नई प्रौद्या‍गिकी और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी साझेदारी बढ़ा रहे हैं और हरित विकास को बढ़ावा दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने 'वसुधैव कुटुम्बकम' यानी समूचा विश्व एक परिवार है, में भारत के विश्‍वास पर प्रकाश डाला। उन्‍होंने कहाकि यह देश को वैश्विक कल्याण में योगदान करने और मानवीय संकट के दौरान सबसे पहले प्रतिक्रिया देने केलिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने पोलैंड के वारसा में जाम साहब ऑफ नवानगर मेमोरियल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहाकि पोलैंड के वारसा में जाम साहब ऑफ नवानगर मेमोरियल जाम साहब दिग्विजय सिंह रणजीत सिंह जडेजा के मानवीय योगदान को दर्शाता है। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के कारण बेघर हुए पोलैंड के बच्चों को आश्रय देने केसाथ-साथ उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की। नरेंद्र मोदी ने पोलैंड के वारसॉ में जाम साहब ऑफ नवानगर मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित करने की झलकियां भी साझा की हैं। नरेंद्र मोदी ने पोलैंड के वारसॉ में बैटल ऑफ मोंटे कैसिनो के स्मारक पर पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि अर्पित की। यह स्मारक पोलैंड भारत एवं अन्य देशों के उन सैनिकों के बलिदान एवं वीरता का स्मरण कराता है, जिन्होंने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान इटली के प्रसिद्ध मोंटे कैसिनो की लड़ाई में एक-दूसरे केसाथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी।
प्रधानमंत्री की स्मारक यात्रा भारत एवं पोलैंड के बीच साझा इतिहास और गहरे संबंधों को रेखांकित करती है, जो तमाम लोगों को प्रेरित करती रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड के वारसॉ में कोल्हापुर स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। नरेंद्र मोदी ने कहाकि यह स्मारक कोल्हापुर के महान शाही परिवार को एक श्रद्धांजलि है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि यह शाही परिवार द्वितीय विश्वयुद्ध की भयावहता के कारण विस्थापित पोलिश महिलाओं एवं बच्चों को आश्रय देने में अग्रणी था। प्रधानमंत्री ने यह भी कहाकि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरित होकर कोल्हापुर के महान शाही परिवार ने मानवता को हर चीज से ऊपर रखा और पोलिश महिलाओं एवं बच्चों केलिए सम्मान का जीवन सुनिश्चित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]