स्वतंत्र आवाज़
word map

महिला सुरक्षा के लिए पोर्टल और वेबसाइट लॉंच

कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायत व निगरानी करने में सहायक

केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया शुभारंभ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 29 August 2024 05:44:28 PM

portal and website launched for women safety

नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज करने और उनकी निगरानी केलिए एक केंद्रीकृत मंच नया शी-बॉक्स पोर्टल का शुभारंभ किया है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की नई वेबसाइट का भी उद्घाटन किया। अन्नपूर्णा देवी ने कहाकि यह पहल कार्यस्थल से संबंधित यौन उत्पीड़न की शिकायतों का समाधान करने केलिए पहले से अधिक कुशल और सुरक्षित मंच उपलब्‍ध कराने की दिशामें एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहाकि यह सम्‍पूर्ण भारत में महिलाओं केलिए सुरक्षित और अधिक समावेशी कामकाज का वातावरण बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को बढ़ावा देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि यह पोर्टल सुनिश्चित करेगाकि व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक किए बिना सुरक्षित रूपसे शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहाकि चूंकि भारत अगले 25 वर्ष में अपनी आज़ादी के शताब्दी वर्ष में पहुंच जाएगा, इसलिए नरेंद्र मोदी सरकार 2047 तक विकसित भारत केलिए प्रतिबद्ध है और इसे प्राप्त करने केलिए सरकार ने वीमेन-लेड-डिवेलपमेंट पर जोर देकर उल्लेखनीय एवं कारगर पहलें भी की हुई हैं, जिन्होंने समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में महिलाओं के नेतृत्व की अनुकरणीय भूमिका को मान्यता दी है। उन्होंने कहाकि कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने केलिए इस पहल का एक मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना हैकि कार्यस्थल सुरक्षित और संरक्षित हों, जिससे महिलाएं आगे बढ़ सकें और सफल हो सकें। कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम-2013 कार्यस्थल पर महिलाओं को यौन उत्पीड़न से बचाने और उनकी शिकायतों का समाधान करने का काम करता है।
अन्नपूर्णा देवी ने बतायाकि इसी प्रतिबद्धता के अनुरूप शी-बॉक्स पोर्टल कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायतों का समाधान और प्रबंधन करने की दिशामें बड़ा व महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बतायाकि पोर्टल देशभर में गठित आंतरिक समितियों और स्थानीय समितियों से संबंधित सूचनाओं के केंद्रीकृत भंडार के रूपमें कार्य करता है, इसमें सरकारी और निजी दोनों क्षेत्र शामिल हैं। यह शिकायत दर्ज करने, शिकायत स्थिति को ट्रैक करने और आईसी द्वारा शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने केलिए एक साझा मंच प्रदान करता है, यह सुनिश्चित निवारण और हितधारकों केलिए सुव्यवस्थित प्रक्रिया प्रदान करता है। पोर्टल पर नामित नोडल अधिकारी के जरिए भी शिकायतों की निगरानी करने की सुविधा है। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और सचिव महिला एवं बाल विकास मंत्रालय एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।शी-बॉक्स पोर्टल https://shebox.wcd.gov.in/ और वेबसाइट का लिंक https://wcd.gov.in/ है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]