स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत और ओमान नौसेना के संबंध समुद्र से गहरे

भारतीय जहाज तीर शार्दुल व वीरा ओमान के शानदार दौरे से लौटे

भारत और ओमान के बीच विभिन्न मोर्चों पर सहयोग को बढ़ावा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 13 October 2024 04:26:18 PM

relations between india and oman navy are deeper than the sea

मस्कट/ नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के जहाज तीर और शार्दुल एवं भारतीय तटरक्षक बल के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन जहाज वीरा ओमान की शानदार चार दिवसीय यात्रा से स्वदेश लौट आए हैं। भारतीय नौसेना ने इस दौरान विभिन्न मोर्चों पर ओमान की रॉयल नेवी केसाथ बातचीत एवं सहयोग को बढ़ावा दिया, जिससे दोनों समुद्री देशों केबीच संबंध और गहरे एवं मैत्री सेतु और मजबूत हुआ। भारत की दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल वी श्रीनिवास ने जहाजों के कमांडिंग ऑफिसर्स केसाथ वाइस एडमिरल अब्दुल्ला बिन खामिस बिन अब्दुल्ला अल रईसी, चीफ ऑफ स्टाफ सुल्तान्स आर्म्ड फोर्सेज और रियर एडमिरल सैफ बिन नासिर बिन मोहसेन अल-रहबी कमांडर ऑफ रॉयल नेवी ऑफ ओमान से मुलाकात की।
वाइस एडमिरल वी श्रीनिवास ने भारत और ओमान की नौसेनाओं केबीच बढ़ती सामरिक भागीदारी, अधिक जुड़ाव और अंतर संचालन के महत्व पर बल दिया। दोनों समुद्री देशों केबीच प्रशिक्षण आदान-प्रदान, साझा ज्ञान और संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास के जरिए रक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। भारतीय नौसेना के प्रतिनिधिमंडल ने सैद बिन सुल्तान नौसेना बेस का दौरा किया और उन्हें जहाजों, रखरखाव इकाइयों और चिकित्सा व्यवस्था सहित एक निर्देशित दौरे पर ले जाया गया। भारतीय तटरक्षक बल के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के समुद्री प्रशिक्षुओं ने सुल्तान कबूस नौसेना अकादमी में खेल परिसर सहित विभिन्न प्रतिष्‍ठानों और सिमुलेटर का दौरा किया। प्रशिक्षुओं को ओमान की रॉयल नेवी के फ्लीट मेंटेनेंस यूनिट और सैन्य वाहक जहाज अल नासिर जाने का अवसर मिला। ओमान के नौसेनाकर्मियों ने क्रॉस डेक विजिट के हिस्से के रूपमें भारतीय तटरक्षक बल के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के जहाजों का भ्रमण किया और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करके सद्भावना और सौहार्द को बढ़ावा दिया। ओमान में भारतीय नौसेना जहाजों की सफलतापूर्वक यात्रा ने दोनों समुद्री देशों केबीच संबंधों को काफी मजबूत और गहरे एवं दीर्घकालिक संबंधों को बढ़ावा दिया।
भारतीय तटरक्षक बल के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के स्कूल आउटरीच कार्यक्रम में युवाओं को भारतीय नौसेना की भूमिका और उसकी क्षमताओं की झलकियां दिखाई गईं। कार्यक्रम में भारतीय नौसेना सिम्फोनिक बैंड ने भाषा और सांस्कृतिक सीमाओं को पार करते हुए संगीत का एक जीवंत प्रदर्शन करके ओमान एवेन्यूज़ मॉल में दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नौसेना कल्याण और वेलनेस संघ (दक्षिणी क्षेत्र) की अध्यक्ष विजया श्रीनिवास ने भारतीय स्कूल वादी कबीर में प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र एबीएलई का दौरा किया। उन्होंने संकाय और दिव्यांग बच्चों से बातचीत की और स्कूल की पहलों की प्रशंसा की। बंदरगाह पर स्कूली बच्चों, ओमान में भारतीय दूतावास के सदस्यों और ओमान में रहनेवाले भारतीय समुदाय के लोगों ने भी जहाजों का भ्रमण किया। ओमान में भारत के राजदूत अमित नारंग ने प्रथम टीएस के जहाजों पर समुद्री प्रशिक्षुओं केसाथ एक संवादात्मक सत्र में भाग लिया। इस मौके पर सुल्तान की सशस्त्र बल (प्रशासन और रसद) के सहायक चीफ ऑफ स्टाफ कमोडोर अली अल बलुशी भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]