स्वतंत्र आवाज़
word map

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ली शपथ

नई हरियाणा सरकार सुशासन और अनुभव का अद्भुत संगम-प्रधानमंत्री

नायब सिंह सैनी ने शीर्ष नेतृत्व व हरियाणा जनादेश का आभार जताया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 17 October 2024 05:48:32 PM

nayab singh saini took oath as haryana chief minister

पंचकूला (हरियाणा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महर्षि वाल्मीकि जयंती पर दशहरा ग्राउंड पंचकूला में हरियाणा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा में इतिहास रचते हुए ‘एनडीए की प्रचंड जीत के नायक’ नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री के रूपमें शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कियाकि हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर नायब सिंह सैनी और उनके साथ मंत्री के रूपमें शपथ लेने वाले सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहाकि यह टीम सुशासन और अनुभव का एक अद्भुत संगम है, जो यहां के लोगों के सपनों को साकार करने के साथही राज्य के विकास को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त कियाकि डबल इंजन की सरकार ग़रीबों, किसानों, जवानों, युवाओं और महिलाओं केसाथ ही समाज के हर वर्ग की सेवा में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी एक्स पर पोस्ट कियाकि नॉनस्टॉप हरियाणा के विकास और नवनिर्माण को गतिमान रखने वाले जनादेश केलिए सर्वप्रथम 2.80 करोड़ अपने परिवारजनों का हार्दिक आभार! मेरे जैसे एक सामान्य परिवार से आनेवाले कार्यकर्ता को हरियाणा का मुख्य सेवक बनने का अवसर प्रदान करने केलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार! प्रधानमंत्रीजी का हरियाणा से विशेष स्नेह हमें निरंतर परिश्रम करने केलिए असीमित ऊर्जा प्रदान करता है, उनके प्रेरणादायी नेतृत्व में हरियाणा विकास की नित नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है और विकास की ये नॉनस्टॉप यात्रा प्रदेश में सतत जारी रहेगी। उन्होंने कहाकि हरियाणा में पूर्ण बहुमत की तीसरी बार भाजपा सरकार पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सुशासन, समानता और ग़रीब कल्याण केलिए काम करेगी। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने नायब सिंह सैनी को हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं हरियाणा सरकार में शामिल मंत्रियों को बारी-बारी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहाकि नायब सिंह सैनी को पुन: हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने एवं हरियाणा सरकार में मंत्री पद की शपथ लेनेवाले सभी मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएं! गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कियाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी वर्गों को साथ लेकर किसानों, युवाओं, महिलाओं और ग़रीबों के कल्याण का जो संकल्प लिया है, मुझे विश्वास हैकि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा उसे चरितार्थ करने की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहाकि भाजपा सरकार ने बीते एक दशक में हरियाणावासियों की समृद्धि और सुशासन के जो उल्लेखनीय कार्य किए हैं, उन्हें नई हरियाणा सरकार और भी ऊंचाइयों पर ले जाएगी। नायब सिंह सैनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्रिगण, भाजपाशासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, राज्यपाल, एनडीए सहयोगी, भाजपा के वरिष्ठ, युवा, महिला कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में हरियाणा की जनता उपस्थित थी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]