स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 6 February 2025 03:28:45 PM
अगरतला/ नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा सरकार में नौकरी पाए 2800 से अधिक मेधावी उम्मीदवारों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को वीडियो कॉंफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। गृहमंत्री ने कहाकि त्रिपुरा में यह नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम एक युग परिवर्तनकारी कार्यक्रम है। उन्होंने कहाकि यहां पहले की सरकारों में नौकरी उन्हीं लोगों को मिलती थी, जो किसी विशेष राजनीतिक पार्टी के सदस्य हों। उन्होंने कहाकि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने किसी भेदभाव, सिफारिश, भ्रष्टाचार के बिना और पारदर्शिता केसाथ राज्य के 2807 युवाओं को सरकारी नौकरी देकर उनके जीवन में एक नई शुरूआतकर उन्हें त्रिपुरा के विकास केसाथ जोड़ने का अवसर प्रदान किया है। अमित शाह ने कहाकि 2437 मल्टी टास्किंग स्टाफ़ और स्वास्थ्य विभाग के 370 पदों पर नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहाकि नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही ये 2807 मेधावी उम्मीदवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित त्रिपुरा और विकसित भारत अभियान का हिस्सा बन गए हैं।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहाकि पूरा नॉर्थईस्ट विकास के रास्ते पर अग्रसर है। उन्होंने कहाकि बीते 10 साल में केंद्रीय मंत्रियों ने नॉर्थईस्ट का 700 से अधिक बार दौरा किया है और इस क्षेत्रके विकास केलिए कई सकारात्मक पहलें लागू की गई हैं। अमित शाह ने कहाकि नॉर्थईस्ट को पहले उग्रवाद, घुसपैठ, ब्लॉकेड्स, ड्रग्स, हथियारों की तस्करी, भ्रष्टाचार और जातीय तनाव केलिए जाना जाता था। उन्होंने कहाकि एनडीए की डबल इंजन सरकार में नॉर्थईस्ट को विकास, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, निवेश और कृषि संबंधित गतिविधियों के विकास केलिए जाना जाता है। गृहमंत्री ने कहाकि केंद्र सरकार ने 10 साल में त्रिपुरा में कई महत्वपूर्ण समझौते कर राज्य में स्थायी शांति लाने का काम किया है। उन्होंने कहाकि त्रिपुरा में ब्रू-रियांग भाइयों-बहनों को स्थायी निवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और नौकरियां देकर उनके जीवन में नए बदलाव लाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने दावा करते हुए उल्लेख कियाकि त्रिपुरा के सभी विद्रोही समूह सरेंडरकर मेनस्ट्रीम में आ चुके हैं।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहाकि मुख्यमंत्री माणिक साहा के नेतृत्व में त्रिपुरा भटकाव की जगह भागीदारी, रुकावट की जगह रफ्तार और विलंब की जगह वेलफेयर के रास्ते पर तेजीसे आगे बढ़ रहा है। अमित शाह ने कहाकि पहले के मुख्यमंत्री बिप्लब देब और अब मुख्यमंत्री माणिक साहा ने त्रिपुरा के सर्वांगीण विकास केलिए बहुत महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहाकि इन सात साल में पिछली सरकारों के सात साल के मुकाबले यहां कहीं अधिक विकास हुआ है। उन्होंने कहाकि एक ज़माने में त्रिपुरा को लैंडलॉक्ड स्टेट के रूपमें जाना जाता था और आज इसे लैंडलिंक्ड स्टेट के रूपमें जाना जाता है। उन्होंने कहाकि त्रिपुरा के सर्वांगीण विकास केलिए एयरपोर्ट, सड़कें, जल संचयन और सिंचाई जैसे कई काम नरेंद्र मोदी और त्रिपुरा सरकार ने किए हैं। गृहमंत्री ने कहाकि त्रिपुरा में सबसे बड़ा काम राज्य को भ्रष्टाचार और अशांति से मुक्त कराने का किया गया है। उन्होंने कहाकि स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व में भारत सरकार त्रिपुरा के विकास केलिए पूरी तरह समर्पित है।