स्वतंत्र आवाज़
word map

यूएन महिला शांति सैनिकों की राष्ट्रपति से भेंट

संयुक्तराष्ट्र शांति मिशनों में महिला भागीदारी और अधिक हो-मुर्मू

'शांति स्थापना में महिलाएं: वैश्विक दक्षिण का परिप्रेक्ष्य' सम्मेलन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 24 February 2025 04:50:50 PM

un women peacekeepers met the president

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से आज वैश्विक दक्षिण की महिला शांति सैनिकों के एक समूह ने मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में आयोजित महिला शांति सैनिकों के पहले सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहाकि शांति स्थापना मिशन में महिलाओं की मौजूदगी इसे और अधिक विविधतापूर्ण और समावेशी बना देती है। उन्होंने कहाकि महिला शांति रक्षकों की अक्सर स्थानीय समुदायों तक बेहतर पहुंच होती है और वे महिलाओं एवं बच्चों केलिए रोल मॉडल के रूपमें काम कर सकती हैं, वे लिंग आधारित हिंसा से निपटने, विश्वास बनाने और संवाद को बढ़ावा देने केलिए बेहतर ढंग से सुसज्जित हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहाकि महिला कर्मियों के उच्च प्रतिशत वाले शांति मिशन हिंसा को कम करने और दीर्घकालिक शांति समझौते हासिल करने में अधिक प्रभावी रहे हैं, इसलिए यह आवश्यक हैकि हम संयुक्तराष्ट्र शांति मिशनों में औरभी अधिक महिलाओं को शामिल करें। राष्ट्रपति ने संयुक्तराष्ट्र शांति स्थापना में भारत के योगदान के गौरवशाली इतिहास को याद किया, जिसमें 290000 से अधिक भारतीय शांति सैनिकों ने 50 से अधिक संयुक्तराष्ट्र शांति मिशनों में अनुकरणीय सेवा की है। उन्होंने कहाकि अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा केलिए अक्सर प्रतिकूल परिस्थितियों में तैनात 9 सक्रिय मिशनों में 5000 से अधिक भारतीय शांति सैनिक हैं। राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुईकि भारतीय महिला शांति सैनिक कर्तव्य की पुकार में सबसे आगे रही हैं, आज छह संयुक्तराष्ट्र मिशनों में 154 से अधिक भारतीय महिला शांति सैनिक तैनात हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उल्लेख कियाकि 1960 के दशक में कांगो से लेकर 2007 में लाइबेरिया में पुलिसिंग तक हमारी महिला शांति सैनिकों ने व्यावसायिकता और आचरण की उच्चतम परंपराओं का प्रदर्शन किया है। गौरतलब हैकि ये महिला शांति सैनिक नई दिल्ली में ‘शांति स्थापना में महिलाएं: वैश्विक दक्षिण का परिप्रेक्ष्य’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में भाग लेने केलिए आई हैं। सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय और संयुक्तराष्ट्र शांति स्थापना केंद्र नई दिल्ली केसाथ साझेदारी में किया है। सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक दक्षिण की महिला अधिकारियों को शांति स्थापना केलिए समकालीन प्रासंगिकता के मुद्दों और शांति स्थापना मिशनों के सामने आनेवाली विभिन्न चुनौतियों पर चर्चा करने केलिए एकसाथ लाना है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]