स्वतंत्र आवाज़
word map

दिल्ली में महिलाओं को ₹ ढाई हजार महीना मंजूर

महिला समृद्धि योजना केलिए ₹5100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए

सशक्त महिलाएं ही सशक्त भारत की नींव हैं-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 8 March 2025 06:08:03 PM

bjp's delhi mahila morcha felicitation ceremony

नई दिल्ली। ‘महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारा संकल्प और प्रतिबद्धता है! महिला दिवस पर नारी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम!’ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह बात कहते हुए आज दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लाखों की संख्या में मौजूद महिलाओं के सामने भाजपा सरकार के इस वचन को पूरा करने का ऐलान कियाकि दिल्ली सरकार ने दिल्ली की महिलाओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह देने के वादे की अपनी कैबिनेट में मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहाकि महिला दिवस पर दिल्ली की माता-बहनों से कहाकि हमारी सरकार ने महिला समृद्धि योजना केलिए ₹5100 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं और जल्द ही हर पात्र महिला को ₹2500 प्रतिमाह मिलने शुरू हो जाएंगे, ताकि वे आर्थिक रूपसे आत्मनिर्भर बन सकें। गौरतलब हैकि दिल्ली सरकार के इस फैसले से दिल्ली की करीब बीस लाख पात्र महिलाएं लाभांवित होंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहाकि यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि नरेंद्र मोदीजी की गारंटी को साकार करने की प्रतिबद्धता है, हमारा संकल्प है-हर महिला सशक्त, हर परिवार समृद्ध! महिला दिवस पर भाजपा का यह दिल्ली महिला मोर्चा अभिनंदन समारोह भी था, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा सहित भाजपा के नेता, दिल्ली के मंत्रिगण मौजूद थे, जिन्होंने अपनी बहनों के बीच उपस्थित होकर, उनके परिश्रम और समर्पण से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की सराहना की। रेखा गुप्ता ने कहाकि सशक्त महिलाएं ही सशक्त भारत की नींव हैं। उन्होंने कहाकि जब नारी आगे बढ़ेगी, तो समाज और देश भी प्रगति करेगा, इसलिए आइए और मिलकर महिला उत्थान, समानता और आत्मनिर्भरता की दिशा में सतत प्रयास करें और एक सशक्त भविष्य का निर्माण करें।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार केसाथ मिलकर दिल्ली को अधिक सुरक्षित और समृद्ध बनाने को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहाकि महिला सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सीसीटीवी नेटवर्क के विस्तार, पिंक पीसीआर और पिंक पुलिस स्टेशनों की स्थापना, हर जिले में वन स्टॉप सेंटर और पिंक पब्लिक टॉयलेट के निर्माण जैसे अहम प्रस्तावों पर विचार किया गया है। उन्होंने कहाकि दिल्ली चुनाव के संकल्प पत्र में बहनों से किया गया हर वादा निभाने केलिए दिल्ली की सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जन अभिनंदन समारोह में दिल्लीवासियों से संवाद करके प्रसन्नता प्रकट की और कहाकि उनके विचार, सुझाव और चिंताएं हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए हर चुनौती के समाधान हेतु नीतिगत सुधारों से लेकर प्रभावी क्रियांवयन तक निरंतर कार्यरत रहेगी। रेखा गुप्ता ने कहाकि उनका पूर्ण विश्वास हैकि समर्पित प्रयासों और जनसहयोग से प्रत्येक समस्या का समाधान निकालेंगे और आपकी सहभागिता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, आइए मिलकर एक सशक्त, स्वच्छ और विकसित राजधानी के निर्माण में योगदान दें।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]