स्वतंत्र आवाज़
word map

पद्म पुरस्‍कार-2026 केलिए आवेदन करें

नामांकन अथवा सिफारिशें ऑनलाइन ही प्राप्‍त की जाएंगी

पद्म पुरस्‍कारों के नामांकन की अंतिम तारीख 31 जुलाई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 15 March 2025 05:09:25 PM

apply for padma awards-2026 (file photo)

नई दिल्ली। भारत के गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्‍कार-2026 केलिए ऑनलाइन नामांकन और सिफारिशें आज 15 मार्च 2025 से शुरू हो गई हैं। पद्म पुरस्‍कारों के नामांकन की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2025 है। नामांकन या सिफारिशें राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन प्राप्‍त की जाएंगी। गौरतलब हैकि पद्म पुरस्‍कार अर्थात पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री देशके सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मानों में शामिल हैं। वर्ष 1954 में स्‍थापित इन पुरस्‍कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस पर की जाती है। इनमें ‘उत्‍कृष्‍ट कार्य’ केलिए सम्‍मानित किया जाता है। पद्म पुरस्‍कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी, लोककार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों या विषयों में विशिष्‍ट और असाधारण उपलब्धियों या सेवाओं केलिए प्रदान किए जाते हैं।
पद्म पुरस्कारों केलिए जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति पात्र हैं। चिकित्‍सकों और वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्‍य सरकारी सेवक, जिनमें सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले सरकारी सेवक भी शामिल है, पद्म पुरस्‍कारों के पात्र नहीं होते हैं। भारत सरकार पद्म पुरस्‍कारों को ‘पीपल्स पद्म’ बनाने केलिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों से अनुरोध किया गया हैकि वे इन हेतु नामांकन या सिफारिशें करें। नागरिक स्‍वयं को भी नामित कर सकते हैं। महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांग व्यक्तियों और समाज केलिए निस्वार्थ सेवा कर रहे लोगों में से ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के ठोस प्रयास किए जा सकते हैं, जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में पहचाने जाने योग्य हैं।
पद्म पुरस्कारों केलिए नामांकन या सिफारिशों में पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में निर्दिष्ट सभी प्रासंगिक विवरण शामिल होने चाहिएं, जिसमें वर्णनात्मक रूपमें एक उद्धरण (citation) (अधिकतम 800 शब्द) शामिल होना चाहिए, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र, अनुशासन में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों, सेवा का स्पष्ट रूपसे उल्लेख किया गया हो। इस संबंध में विस्‍तृत विवरण गृह मंत्रालय की वेबसाइट https://mha.gov.in पर ‘पुरस्‍कार और पदक’ शीर्षक के अंतर्गत और पद्म पुरस्‍कार पोर्टल https://padmaawards.gov.in पर उपलब्‍ध हैं। इन पुरस्‍कारों से संबंधित संविधि (statutes) और नियम वेबसाइट पर https://padmaawards.gov.in/AboutAwards.aspx लिंक पर उपलब्‍ध हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]