स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 26 March 2025 12:31:18 PM
रायपुर। प्रख्यात समाज सुधारक, संत और भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त माता कर्मा की 1009वीं जयंती पर भारतीय डाक विभाग ने स्मारक डाक टिकट जारी किया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में केंद्रीय आवासन और शहरी मामलों के राज्यमंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा सदस्यों और अखिल भारतीय तैलिक महासभा के सदस्यों केसाथ 25 मार्च को एक कार्यक्रम में विमोचन किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहाकि भक्त शिरोमणि, वात्सल्यमयी माता कर्मा के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम! माता कर्मा का भगवान श्रीकृष्ण केप्रति अटूट प्रेम व स्नेह एवं उनके उपदेश हम सभी केलिए अनुकरणीय हैं, उनकी जयंती पर डाक टिकट का विमोचन हम सभीको सदैव उनकी भक्ति का स्मरण कराता रहेगा। उन्होंने कहाकि राजधानी रायपुर के कर्मा धाम में भक्त माता कर्मा जयंती पर उनके दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ और माँ कर्मा से समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
ज्ञातव्य हैकि माता कर्मा ने साहस जीवन आदर्श और नि:स्वार्थ सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लेने केलिए यात्रा शुरू की थी। पवित्र शहर पुरी पहुंचने पर मंदिर के सेवकों ने उनसे पारंपरिक व्यंजन खिचड़ी बनाने का अनुरोध किया और उनकी खुशी केलिए भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी भेंट स्वीकार की। माता कर्मा की भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्ति पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के अनुष्ठानों की महान परंपराओं का एक स्थायी हिस्सा बनी। स्मारक डाक टिकट में माता कर्मा को भगवान श्रीकृष्ण को खिचड़ी भेंट करते हुए बड़ी खूबसूरती से दर्शाया गया है, इसकी पृष्ठभूमि में प्रतिष्ठित जगन्नाथ मंदिर को दर्शाया गया है। सामाजिक सद्भाव, महिला सशक्तिकरण और धार्मिक भक्ति में माता कर्मा का योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनका जीवन समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देते हुए अस्पृश्यता और रूढ़िवाद जैसी विभिन्न सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ने केलिए प्रेरित करता है।
स्मारक डाक टिकट माता कर्मा के स्थायी प्रभाव को स्वीकार करता है और भावी पीढ़ियों केलिए उनकी विरासत को संरक्षित करता है। ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने एक्स पर इस ऐतिहासिक अवसर को साझा करते हुए कहा हैकि सामाजिक समरसता एवं महिला सशक्तिकरण की प्रतिमूर्ति भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त माता कर्मा देवी की 1009वीं जयंती पर जारी स्मारक डाक टिकट उनके महान योगदान केप्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहाकि माँ कर्मा देवी ने समाज में भक्ति, सेवा और सद्भाव का जो संदेश दिया, वह युगों-युगों तक प्रेरणा देता रहेगा। गौरतलब हैकि डाक टिकट और अन्य डाक टिकट संबंधी वस्तुएं, जिनमें फर्स्ट डे कवर और सूचना विवरणिका शामिल हैं, अब भारतभर में फिलेटली ब्यूरो और लिंक www.epostoffice.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं।