स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 12 December 2024 01:39:51 PM
नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा जगत के सुप्रसिद्ध अभिनेता, निर्माता और निर्देशक राज कपूर की 100वीं जयंती पर कपूर परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक भावपूर्ण मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज कपूर के परिजनों का नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर जोरदार स्वागत किया और राज कपूर के महान योगदान की सराहना करते हुए भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान और उनकी चिरस्थायी विरासत को सम्मानित किया। कपूर खानदान ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री से खुलकर अपने अनुभव साझा किए। राज कपूर की पुत्री रीमा कपूर ने राज कपूर के शताब्दी समारोह के अवसर पर कपूर परिवार से मिलने केलिए अपना बहुमूल्य समय निकालने पर प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। रीमा कपूर ने उन्हें राज कपूर की फिल्म के एक गीत की कुछ पंक्तियां सुनाईं और कहाकि पूरा भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कपूर परिवार को दिएगए प्यार, गर्मजोशी और सम्मान का गवाह बनेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि राज कपूर की 100वीं जयंती का उत्सव भारतीय फिल्म उद्योग की स्वर्णिम यात्रा की गाथा का प्रतीक है। उन्होंने कहाकि फिल्म ‘नील कमल’ 1947 में बनी थी और अब हम 2047 की ओर बढ़ रहे हैं, इन 100 वर्ष के दौरान उनका योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। कूटनीति के संदर्भ में इस्तेमाल किए जाने वाले ‘सॉफ्ट पावर’ शब्द का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी ने इस बात पर प्रकाश डालाकि राज कपूर ने उस समय भारत की सॉफ्ट पावर की स्थापना की थी, जब यह शब्द गढ़ा ही नहीं गया था। उन्होंने कहाकि भारत की सेवा में यह राज कपूर का बहुत बड़ा योगदान था। प्रधानमंत्री ने कपूर परिवार से राज कपूर के बारेमें विशेष रूपसे मध्य एशिया पर केंद्रित एक फिल्म बनाने का अनुरोध किया, जो इतने सालों बाद भी वहां के लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। उन्होंने कहाकि राज कपूर का उनकी जिंदगियों पर प्रभाव था। उन्होंने कपूर परिवार को बतायाकि मध्य एशिया में भारतीय सिनेमा केलिए बहुत संभावनाएं हैं और इसे भुनाने की दिशामें काम करने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि हमें मध्य एशिया में नई पीढ़ियों तक इसे पहुंचाने केलिए प्रयास करने चाहिएं और उन्होंने कपूर परिवार से एक ऐसी फिल्म बनाने का अनुरोध किया, जो एक कड़ी के रूपमें काम करे। दुनियाभर से मिले प्यार और प्रसिद्धि को स्वीकार करते हुए रीमा कपूर ने कहाकि राज कपूर को ‘सांस्कृतिक राजदूत’ कहा जा सकता है और उन्होंने प्रधानमंत्री की भारत के ‘वैश्विक राजदूत’ होने केलिए प्रशंसा की। रीमा कपूर ने कहाकि कपूर परिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गर्व है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि आज देशकी प्रतिष्ठा बहुत बढ़ गई है और उन्होंने योग को एक उदाहरण के रूपमें पेश किया, जिसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहाकि उन्होंने अन्य देशों के नेताओं केसाथ मुलाकात के दौरान योग और इसके महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहाकि शोध एक दिलचस्प गतिविधि है, जिससे सीखने के माध्यम से इससे जुड़ी प्रक्रिया का आनंद लिया जा सकता है। उन्होंने राज कपूर के पोते अरमान जैन को राज कपूर के बारेमें शोध केबाद एक फिल्म बनाने केलिए बधाई दी, जिससे उन्हें अपने दादा की जीवन यात्रा को जीने का अवसर मिला।
सिनेमा की ताकत को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक घटना का जिक्र किया, जब तत्कालीन जनसंघ पार्टी दिल्ली में चुनाव हार गई थी, तब नेताओं ने राज कपूर की फिल्म ‘फिर सुबह होगी’ देखने का फैसला किया। उन्होंने कहाकि पार्टी ने अब फिरसे सुबह देखी है। नरेंद्र मोदी ने एक और घटना को याद किया जब उन्होंने चीन में बज रहे एक गाने की रिकॉर्डिंग ऋषि कपूर को भेजी थी, जिससे वो बहुत खुश हुए थे। रणबीर कपूर ने प्रधानमंत्री को बतायाकि कपूर परिवार 13, 14 और 15 दिसंबर 2024 को राज कपूर पर एक रेट्रोस्पेक्टिव शो करने जा रहा है। उन्होंने भारत सरकार, एनएफडीसी और एनएफएआई को उनकी मदद केलिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहाकि कपूर परिवार ने उनकी 10 फिल्में दी हैं, उनके ऑडियो और विजुअल को पुनर्स्थापित किया गया है, जिन्हें भारतभर में लगभग 40 शहरों के 160 सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। रणबीर कपूर ने प्रधानमंत्री को बतायाकि प्रीमियर शो 13 दिसंबर को मुंबई में आयोजित किया जाएगा और इसके लिए उन्होंने पूरे फिल्म उद्योग को आमंत्रित किया है।